रेलवे स्टेशन पर गूंजा जय जगन्नाथ, तीर्थ ट्रेन रवाना

Share

880 वरिष्ठ तीर्थयात्री निकले जगन्नाथपुरी-कोणार्क की यात्रा पर, करीब 50 प्रतिशत महिला यात्री; अपनों से विदा लेते समय भावुक हुए परिजन
उदयपुर, 3 अक्टूबर:
‘जय जगन्नाथ’ के जयकारों के बीच शनिवार को उदयपुर से वरिष्ठ तीर्थयात्रियों की विशेष ट्रेन जगन्नाथपुरी-कोणार्क यात्रा के लिए रवाना हुई। देवस्थान विभाग की वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना-2026 के तहत ट्रेन दोपहर 2.30 बजे राणा प्रतापनगर रेलवे स्टेशन से रवाना हुई। यात्रा पर जाने वाले बुजुर्गों को विदा करने बड़ी संख्या में उनके परिजन स्टेशन पहुंचे। किसी ने पैर छूकर आशीर्वाद लिया तो किसी ने गले मिलकर यात्रा मंगलमय होने की कामना की।
ट्रेन को हरी झंडी दिखाते ही स्टेशन परिसर और कोच ‘जय जगन्नाथ’ के जयकारों से गूंज उठे। यात्रियों ने हाथ जोड़कर भगवान जगन्नाथ को नमन किया और आस्था के सफर की शुरुआत की।
880 वरिष्ठजन करेंगे तीर्थ यात्रा
विशेष ट्रेन में उदयपुर संभाग के विभिन्न जिलों से 780 वरिष्ठ यात्री सवार हुए। वहीं सोगरिया (कोटा) रेलवे स्टेशन से कोटा जिले के 100 यात्री ट्रेन में शामिल होंगे। इस तरह कुल 880 वरिष्ठजन जगन्नाथपुरी-कोणार्क की यात्रा करेंगे। यात्रियों में करीब 50 प्रतिशत महिलाएं हैं।
हर कोच में कर्मचारी, डॉक्टर और नर्सिंग अधिकारी
देवस्थान विभाग के सहायक आयुक्त जतिन कुमार गांधी ने बताया कि यात्रियों की सुविधा और देखरेख के लिए प्रत्येक कोच में दो सरकारी कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। स्वास्थ्य सेवाओं के लिए ट्रेन में एक डॉक्टर और दो नर्सिंग अधिकारी भी मौजूद रहेंगे। यात्रा के दौरान सात दिन तक यात्रियों के लिए आवास, भोजन और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं देवस्थान विभाग की ओर से नि:शुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी।