25 तोला सोना, 5 किलो चांदी और 15 हजार रुपए ले गए बदमाश; घर से 200 मीटर दूर खेत में मिली अलमारी
उदयपुर, 12 नवम्बर: पहाड़ा थाना क्षेत्र के बंजारवाड़ा में चोरों ने 85 वर्षीय बुजुर्ग महिला के घर को निशाना बनाकर करीब 46 लाख रुपए के गहने और नकदी चुरा ली। बदमाश घर से 25 तोला सोना, 5 किलो चांदी के आभूषण और 15 हजार रुपए ले गए। वारदात बुधवार रात की बताई जा रही है।
पीड़िता सेना देवी घर में अकेली रहती हैं। उनका बेटा तुलसीराम गुजरात के एक होटल में काम करता है। सुबह महिला की नींद खुली तो कमरों में सामान बिखरा मिला और अलमारी का लॉकर टूटा हुआ था। चोर मकान के पीछे की खिड़की तोड़कर अंदर घुसे और अलमारी उठाकर करीब 200 मीटर दूर खेत में ले गए। सुबह ग्रामीणों को खेत में अलमारी पड़ी मिली।
बताया गया कि बदमाशों ने आसपास के मकानों की बाहर से कुंडियां भी लगा दी थीं, ताकि लोग बाहर नहीं निकल सकें। पुलिस को वारदात में चार से छह बदमाशों के शामिल होने की आशंका है। सूचना पर थानाधिकारी राजेश मीणा मौके पर पहुंचे। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपियों की तलाश कर रही है। ग्रामीणों ने रात में गश्त बढ़ाने की मांग की है।