संभाग के प्रमुख अपराध समाचार: नर्सिंग छात्रा की हत्या का खुलासा, प्रेमी गिरफ्तार

Share

संभाग के प्रमुख अपराध समाचार: नर्सिंग छात्रा की हत्या का खुलासा, प्रेमी गिरफ्तार
डूंगरपुर, 29 सितंबर:
सागवाड़ा थाना क्षेत्र में नर्सिंग छात्रा निशा की हत्या के मामले का पुलिस ने मंगलवार को खुलासा कर दिया। पुलिस ने हत्या के आरोप में उसके प्रेमी पूनमचंद कटारा को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने निशा से पीछा छुड़ाने के लिए उसकी हत्या की और शव को नाल घुमाव के पास नाले में फेंक दिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल खंजर, खून से सने कपड़े, बैग और बाइक बरामद की है।
पुलिस उपाधीक्षक हेरम्ब जोशी ने बताया कि 24 सितंबर को नाल घुमाव के पास नाले में 10-15 दिन पुराना क्षत-विक्षत शव मिला था। चप्पल और कपड़ों के आधार पर परिजनों ने शव की पहचान घाटा वस्सी निवासी निशा के रूप में की। निशा सागवाड़ा के नर्सिंग कॉलेज में पढ़ती थी और सहेलियों के साथ किराए के कमरे में रहती थी। जांच में सामने आया कि 19 सितंबर को पूनमचंद उसे अपने साथ लेकर गया था।पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच के आधार पर आरोपी की तलाश की। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने हत्या करना स्वीकार किया।

56 ग्राम अफीम के साथ पांच गिरफ्तार
दो कारें और 1.21 लाख रुपए नकद जब्त, अफीम-डोडाचूरा की खरीद-फरोख्त में इस्तेमाल की आशंका
प्रतापगढ़, 29 सितंबर:
देवगढ़ पुलिस ने ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत नाकाबंदी के दौरान कार्रवाई करते हुए 56 ग्राम अफीम के साथ पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने इनके कब्जे से दो कारें और 1.21 लाख रुपए नकद भी जब्त किए हैं। एएनटीएफ कांस्टेबल सुनील को प्रतापगढ़ की ओर से दो संदिग्ध कारों के आने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस ने नाकाबंदी कर बलेनो और स्विफ्ट कारों को रुकवाकर तलाशी ली।
तलाशी के दौरान स्विफ्ट कार के डैशबोर्ड से 56 ग्राम अफीम और 1.21 लाख रुपए नकद बरामद हुए। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने नकदी का इस्तेमाल अफीम और डोडाचूरा की खरीद-फरोख्त में करने की बात बताई। पुलिस ने दोनों कारों को भी जब्त कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राकेश जाट (23), विजेंद्र जाट (27), मोहन जाट (30), विक्रम जाट (20) और बंशीलाल मीणा (19) के रूप में हुई है। पुलिस आरोपियों से मादक पदार्थ की खरीद-फरोख्त से जुड़े नेटवर्क को लेकर पूछताछ कर रही है।

सोशल मीडिया पर आपराधिक गैंग को फॉलो करने वाला गिरफ्तार
उदयपुर, 29 सितंबर
: झाड़ोल थाना पुलिस ने सोशल मीडिया पर आपराधिक गैंग को फॉलो करने के मामले में एक युवक को गिरफ्तार किया है। जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के निर्देश पर पुलिस सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सक्रिय आपराधिक गैंग और उनके फॉलोअर्स पर निगरानी रख रही थी। इसी दौरान पुलिस के सामने प्रकाश पुत्र चतरा (29) निवासी खरड़िया, थाना झाड़ोल का नाम सामने आया। टीम ने उसे डिटेन कर पूछताछ की और बाद में गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक खेरवाड़ा रजत बिश्नोई और वृत्ताधिकारी झाड़ोल विवेक सिंह के सुपरविजन में थानाधिकारी बुद्धाराम बिश्नोई के नेतृत्व में हुई।

चेक बाउंस मामले में दो साल से फरार वारंटी गिरफ्तार
उदयपुर, 29 सितंबर:
झाड़ोल थाना पुलिस ने चेक बाउंस के मामले में दो साल से फरार चल रहे स्थायी वारंटी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार एनआई एक्ट कोर्ट नंबर-5, उदयपुर के प्रकरण संख्या 1192/2017 में आरोपी के खिलाफ स्थायी गिरफ्तारी वारंट जारी था। पुलिस टीम ने सूचना तंत्र और तकनीकी सहयोग से कार्रवाई करते हुए रोशनलाल पुत्र अंबालाल (43) निवासी गोराणा, थाना झाड़ोल को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद वारंटी को न्यायालय में पेश किया गया। कार्रवाई थानाधिकारी बुद्धाराम बिश्नोई के नेतृत्व में कांस्टेबल ओमप्रकाश, बालकृष्ण, रामेश्वर मीणा और लक्ष्मीलाल की टीम ने की।

खड़े ट्रैक्टर-ट्रॉली में घुसी बाइक, युवक की मौत
उदयपुर, 29 सितंबर:
सलूंबर के सेमारी थाना क्षेत्र में मंगलवार दोपहर सड़क किनारे खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली में बाइक पीछे से जा घुसी। हादसे में बाइक सवार सुरेंद्र (25) पुत्र कमजी मीणा की मौके पर मौत हो गई, जबकि उसका चचेरा भाई जितेंद्र कुमार (19) पुत्र हीरा मीणा घायल हो गया। हादसा भीमसागर तालाब के पास ऋषभदेव रोड पर करीब 3 बजे हुआ। पुलिस के अनुसार तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर ट्रॉली से टकराई। दोनों युवक अहमदाबाद में मजदूरी करते थे और एक दिन पहले ही गांव लौटे थे। वे गांव सदकड़ी से सेमारी की ओर जा रहे थे। घायल जितेंद्र को सेमारी अस्पताल से प्राथमिक उपचार के बाद एमबी अस्पताल रेफर किया गया। पुलिस ने शव मोर्चरी में रखवाया है।