परिजनों को चेतावनी—अवैध हथियार मिले तो सौंपें, वरना होगी कड़ी कार्रवाई
उदयपुर, 13 सितम्बर: शहर में फायरिंग की बढ़ती घटनाओं के बीच अंबामाता थाना पुलिस ने शनिवार देर रात हिस्ट्रीशीटरों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों के घरों पर दबिश दी। पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी भनक लगते ही फरार हो गए। पुलिस ने घरों में अलमारी, बैग सहित अन्य स्थानों की तलाशी ली और परिजनों को चेताया कि यदि घर में अवैध हथियार हैं तो उन्हें पुलिस को सौंप दें, अन्यथा कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर हनीफ उर्फ छका, फरदीन उर्फ बुगी और सोहेल उर्फ पोया के घरों पर दबिश दी। सोहेल के घर से बिना नंबर की बाइक जब्त की गई। पुलिस को आशंका है कि इसका इस्तेमाल किसी वारदात या फरारी में किया जाना था।
इसी दौरान पुलिस ने रिंग रोड पिछोला क्षेत्र से आदिल उर्फ सोनू को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से अवैध पिस्टल और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। थानाधिकारी हुकम सिंह शेखावत ने बताया कि आरोपी हथियार अपने भाई अमन हुसैन से लेकर आया था। पुलिस ने आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।