‘लीला रसोई’ के 100 दिन पूरे, सेवा उत्सव मनाया

Share

मरीजों के परिजनों संग भजन-कीर्तन, जरूरतमंदों के लिए नई योजनाओं की घोषणा
उदयपुर, 17 अप्रैल :
लीला केयर फाउंडेशन द्वारा राजकीय टीबी हॉस्पिटल, बड़ी में संचालित निःशुल्क ‘लीला रसोई’ ने सेवा के 100 दिन पूरे कर लिए। इस अवसर पर मरीजों के परिजनों और संस्था पदाधिकारियों ने मिलकर भजन-कीर्तन किया तथा प्रसाद ग्रहण कर सेवा भावना का उत्सव मनाया।
फाउंडेशन के संरक्षक मूलचंद मोर ने बताया कि ‘लीला रसोई’ के माध्यम से मरीजों के परिजनों को प्रतिदिन निःशुल्क एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। भोजन की स्वच्छता और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाता है तथा भोजन निर्माण से पहले प्रभु आराधना की जाती है, जिससे सेवा कार्य में आध्यात्मिक भाव भी जुड़ा रहता है।
फाउंडेशन के निदेशक सीए पंकज अग्रवाल ने बताया कि यह सेवा उनकी माता श्रीमती लीला देवी मोर की स्मृति में शुरू की गई थी। उन्होंने कहा कि भविष्य में ‘लीला रसोई’ का विस्तार संभाग के अन्य क्षेत्रों में भी किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद परिवारों को लाभ मिल सके।
फाउंडेशन की निदेशक सूची अग्रवाल ने बताया कि संस्था आगामी वर्षों में समाजसेवा और आर्थिक सहयोग से जुड़े नए प्रकल्प शुरू करेगी। साथ ही ‘लीला पढ़ाई’ योजना के तहत जरूरतमंद विद्यार्थियों की शिक्षा में भी सहायता प्रदान की जाएगी। उन्होंने आमजन से जरूरतमंद लोगों की जानकारी फाउंडेशन तक पहुंचाने की अपील की।