नयाखेड़ा में नालसा संवाद योजना के तहत विधिक जागरूकता शिविर आयोजित

Share

महिलाओं को निःशुल्क विधिक सहायता, साइबर अपराध और बाल विवाह रोकथाम की दी जानकारी
उदयपुर, 10 जून:
राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जयपुर के तत्वावधान तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण उदयपुर के निर्देशन में ग्राम पंचायत नयाखेड़ा में नालसा संवाद योजना के तहत विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एवं एडीजे राहुल चौधरी ने की।
कार्यक्रम में राहुल चौधरी ने बताया कि नालसा संवाद योजना का उद्देश्य अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के लोगों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और उनके कानूनी अधिकारों की जानकारी उपलब्ध कराना है। ग्राम पंचायत नयाखेड़ा एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित शिविर में महिलाओं को निःशुल्क विधिक सहायता, एलएडीसी योजना, नालसा हेल्पलाइन 15100, साइबर हेल्पलाइन 1930, नालसा पोर्टल तथा बाल विवाह रोकथाम अभियान सहित विभिन्न कानूनी विषयों की जानकारी दी गई।
इस अवसर पर ब्लॉक विकास अधिकारी गिर्वा अजीत गुप्ता एवं उप सरपंच मोहन सिंह देवड़ा भी मौजूद रहे। वहीं कृष्णा वैष्णव, प्रेरणा अवचार और श्वेता चावत, असिस्टेंट लीगल एड डिफेंस काउंसिल ने भी उपस्थित ग्रामीणों को महत्वपूर्ण कानूनी अधिकारों और योजनाओं की विस्तृत जानकारी देकर जागरूक किया।