उपली बड़ी में लेपर्ड का हमला, महिला गंभीर घायल

Share

उदयपुर, 4 मई: शहर से सटे उपली बड़ी गांव में देर रात लेपर्ड के हमले से एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। टॉयलेट के लिए घर से बाहर निकली महिला पर घात लगाए बैठे लेपर्ड ने अचानक झपट्टा मार दिया और उसके चेहरे व गर्दन पर दांत गड़ा दिए।
जानकारी के अनुसार गमेती बस्ती निवासी भूरी बाई (52) पत्नी बंशीलाल गमेती रात करीब 2 बजे आंगन में गई थीं। इसी दौरान अंधेरे में छिपे लेपर्ड ने हमला कर दिया। अचानक हमले के बावजूद महिला ने हिम्मत दिखाते हुए जोर-जोर से शोर मचाया, जिससे लेपर्ड घबराकर जंगल की ओर भाग गया।
चीख-पुकार सुनकर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और खून से लथपथ महिला को संभाला। एम्बुलेंस के देर से पहुंचने पर ग्रामीणों ने निजी वाहन से महिला को महाराणा भूपाल (एमबी) अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
सूचना पर बड़गांव थाना पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। वन विभाग ने लेपर्ड को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाया है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लेपर्ड का आतंक लगातार बढ़ रहा है। इससे पहले भी एक किसान पर हमला हो चुका है। लोगों ने वन विभाग से गश्त बढ़ाने और जल्द कार्रवाई की मांग की है।