डूंगरपुर में एक घंटे के अंतराल में लेपर्ड ने दो महिलाओं पर किया हमला

Share

एक महिला के गले और हाथ पर गहरे घाव, हालत गंभीर; वन विभाग ने लगाया पिंजरा
उदयपुर, 13 अक्टूबर:
डूंगरपुर जिले के रामा गांव में सोमवार शाम लेपर्ड ने करीब एक घंटे के अंतराल में दो महिलाओं पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया। दोनों घटनाएं लगभग 200 फीट की दूरी पर हुईं। एक महिला की हालत गंभीर होने पर उसे डूंगरपुर रेफर किया गया, जबकि दूसरी का निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। हमलों के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार शाम करीब छह बजे 28 वर्षीय रिंकू पत्नी शंकर गायरी भैंसों को लेने जा रही थीं। इसी दौरान लेपर्ड ने उन पर हमला कर दिया। उनके गले और हाथ पर गहरे घाव आए। परिजन उन्हें आसपुर अस्पताल ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डूंगरपुर रेफर कर दिया गया।
करीब एक घंटे बाद 48 वर्षीय जसुकुंवर पत्नी करण सिंह राठौर पर भी लेपर्ड ने हमला कर दिया। उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हमले के बाद लेपर्ड जंगल की ओर भाग गया। सूचना पर पुलिस, प्रशासन और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। ग्रामीणों के अनुसार, लेपर्ड नहर के पास तालाब किनारे दिखाई दिया था। वन विभाग ने उसकी निगरानी के साथ पकड़ने के लिए पिंजरा लगाया है।

सियार ने पांच साल के बच्चे का चेहरा और गर्दन नोची


घर के बाहर खेल रहा था मासूम, गाल पर लगे करीब आठ टांके; बांसवाड़ा रेफर
बांसवाड़ा
जिले में कुशलगढ़ उपखंड के नयागांव में मंगलवार सुबह घर के बाहर खेल रहे पांच वर्षीय बच्चे पर सियार ने हमला कर दिया। सियार ने बच्चे के गाल, मुंह और गर्दन पर नाखूनों से गंभीर घाव कर दिए। बच्चे की चीख सुनकर ग्रामीण और परिजन मौके पर दौड़े। लोगों को आता देखकर सियार भाग गया।
बच्चे के मामा पप्पू ने बताया कि नीलेश सुबह करीब 10 बजे घर के बाहर खेल रहा था। इसी दौरान जंगल की ओर से आए सियार ने उसे अकेला देखकर हमला कर दिया। सियार ने बच्चे के चेहरे और गर्दन को नोच लिया। आसपास मौजूद लोगों के पहुंचने से उसकी जान बच गई। घटना के बाद परिजन बच्चे को निजी वाहन से कुशलगढ़ के स्थानीय अस्पताल ले गए। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे महात्मा गांधी अस्पताल, बांसवाड़ा रेफर कर दिया। एमजी अस्पताल में चिकित्सकों ने घायल बच्चे के गाल पर करीब आठ टांके लगाए। गर्दन के आसपास भी चोटें आई हैं।