लकड़वास में पिंजरे में कैद हुआ लेपर्ड

Share

उदयपुर, 22 जुलाई: उदयपुर शहर से सटे लकड़वास गांव में कई दिनों से दहशत का कारण बना लेपर्ड बुधवार सुबह वन विभाग के लगाए पिंजरे में कैद हो गया। गांव के हनुमान मंदिर के पास लगाए गए ट्रैप में सुबह करीब सात बजे लेपर्ड फंस गया, जिसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने बताया कि लेपर्ड लगातार गांव के आसपास घूम रहा था और एक-दो गायों का शिकार भी कर चुका था। इसकी शिकायत कई बार वन विभाग से की गई थी। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और लेपर्ड को सुरक्षित रेस्क्यू कर अपने साथ ले गई। विभाग ने लोगों से वन्यजीव दिखने पर तत्काल सूचना देने और उनके पास नहीं जाने की अपील की।

बस से 300 किलो एक्सपायरी रसगुल्ले जब्त

चित्तौड़गढ़, 22 जुलाई: खाद्य सुरक्षा विभाग ने जांच अभियान के दौरान नागौर से रतलाम जा रही यात्री बस से करीब 300 किलो एक्सपायरी रसगुल्ले जब्त किए हैं। मुखबिर की सूचना पर फूड इंस्पेक्टर घनश्याम शर्मा और पुनीत जोशी ने बस की जांच की, जिसमें बड़ी मात्रा में एक्सपायरी खाद्य सामग्री मिली। जांच में पता चला कि रसगुल्लों की वैधता अवधि समाप्त हो चुकी थी और उन्हें रतलाम स्थित एक मिठाई प्रतिष्ठान तक पहुंचाया जाना था। खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत पूरी खेप जब्त कर विभाग की निगरानी में नष्ट कर दी गई। अधिकारियों ने कहा कि अभियान का उद्देश्य लोगों तक असुरक्षित खाद्य सामग्री पहुंचने से रोकना और सार्वजनिक स्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।