उदयपुर, 28 अप्रैल: उदयपुर भाजपा में कथित ‘उदयपुर फाइल्स’ वीडियो प्रकरण के बाद नेताओं के बीच विवाद गहराता जा रहा है। पूर्व विधायक धर्मनारायण जोशी और पूर्व जिलाध्यक्ष मांगीलाल जोशी के बीच जारी बयानबाजी अब सुरक्षा मांगने तक पहुंच गई है। मंगलवार को मांगीलाल जोशी ने पूर्व विधायक धर्मनारायण जोशी से अपनी जान को खतरा बताते हुए पुलिस प्रशासन से सुरक्षा की मांग की है।
मांगीलाल जोशी ने कहा कि उन्होंने कभी किसी को गाली नहीं दी, बल्कि वे केवल सच्चाई को कड़वे शब्दों में कहने के आदी हैं। उन्होंने धर्मनारायण जोशी द्वारा लगाए गए 99 गालियां देने के आरोप को पूरी तरह निराधार बताया। उनका कहना है कि वे आज भी राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया से बात नहीं करते और किसी प्रकार का समझौता करने के पक्ष में नहीं हैं।
पूर्व जिलाध्यक्ष ने आरोप लगाया कि धर्मनारायण जोशी ने उन्हें अप्रत्यक्ष रूप से धमकी दी है। उन्होंने कहा कि धर्मनारायण ने ‘धर्मपाल’ का उदाहरण देते हुए कहा कि जैसे 100 गालियां पूरी होने पर सिर काट दिया गया था, उसी तरह यह बयान उनके लिए खुली धमकी जैसा है। मांगीलाल ने कहा कि वे इस बयान से भयभीत हैं और प्रशासन को उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करनी चाहिए, क्योंकि धर्मनारायण जोशी “कभी भी उन्हें निपटा सकते हैं।”
मांगीलाल जोशी ने अपनी उम्र का हवाला देते हुए कहा कि धर्मनारायण जोशी पहले भी नेताओं के खिलाफ ‘पैर तुड़वाने’ और ‘मूंछें मरोड़ने’ जैसे बयान दे चुके हैं। उन्होंने यह भी कहा कि इतनी गंभीर आशंका के बावजूद उन्होंने अब तक पुलिस या प्रशासन को कोई औपचारिक शिकायत नहीं दी है।
उल्लेखनीय है कि पिछले कुछ दिनों से भाजपा के इन दोनों वरिष्ठ नेताओं के बीच पत्रों और बयानों के माध्यम से आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है, जिससे उदयपुर की राजनीति में हलचल तेज हो गई है।