वॉशिंग मशीन के कार्टन की आड़ में 50 लाख की शराब तस्करी

Share

कंटेनर से चंडीगढ़ निर्मित अंग्रेजी शराब के 395 कार्टन बरामद, बिछीवाड़ा पुलिस ने ड्राइवर को गिरफ्तार किया
डूंगरपुर, 10 सितंबर:
डूंगरपुर में बिछीवाड़ा थाना पुलिस ने राजस्थान-गुजरात रतनपुर बॉर्डर पर नाकाबंदी के दौरान अवैध शराब तस्करी का खुलासा किया है। पुलिस ने एक कंटेनर ट्रक से वॉशिंग मशीन के कार्टन की आड़ में छिपाकर ले जाई जा रही चंडीगढ़ निर्मित अंग्रेजी शराब के 395 कार्टन बरामद किए। बरामद शराब की बाजार कीमत करीब 50 लाख रुपए बताई गई है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल कंटेनर को जब्त कर उसके चालक को गिरफ्तार कर लिया।
बिछीवाड़ा थानाधिकारी देवेंद्र देवल ने बताया कि निकाय चुनाव के मद्देनजर अवैध शराब की तस्करी रोकने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत एसआई अब्दुल मुनाफ के नेतृत्व में पुलिस टीम एनएच-48 पर रतनपुर बॉर्डर के पास नाकाबंदी कर वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि उदयपुर की ओर से गुजरात जा रहे टाटा कंटेनर में वॉशिंग मशीन के कार्टन के पीछे शराब छिपाकर ले जाई जा रही है।
बिल्टी नहीं दिखाई तो हुआ शक
पुलिस ने गुजरात नंबर के कंटेनर को रोककर चालक से पूछताछ की। चालक ने अपना नाम त्रिलोक सिंह रावत (27), निवासी बड़ी का बाड़िया, थाना करेड़ा, भीलवाड़ा बताया। चालक ने कंटेनर में वॉशिंग मशीन होने की बात कही। पुलिस ने बिल्टी मांगी तो वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। संदेह होने पर पुलिस ने कंटेनर की तलाशी ली।
तलाशी के दौरान वॉशिंग मशीन के कार्टन के भीतर अंग्रेजी शराब के कार्टन छिपे मिले। पुलिस ने कार्टन नीचे उतरवाकर गिनती की तो कुल 395 कार्टन शराब बरामद हुई। शराब के कार्टनों पर ‘फोर सेल ओनली इन चंडीगढ़’ लिखा हुआ था।
पुलिस ने शराब और कंटेनर को जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया। मामले में शराब की तस्करी कहां से और किसके लिए की जा रही थी, इस संबंध में चालक से पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने प्रकरण में आगे की जांच शुरू कर दी है।