पूर्व विधायक के औचक निरीक्षण में खुली लापरवाही, एसडीएम ने जारी किए नोटिस
उदयपुर, 01 जून: ऋषभदेव तहसील कार्यालय में सोमवार को सरकारी कार्यप्रणाली की गंभीर लापरवाही उजागर हुई। कार्यालय खुलने के निर्धारित समय के काफी बाद तक कई कर्मचारी अपनी सीटों से नदारद मिले, जबकि कुछ कमरों के बाहर सुबह 11 बजे तक ताले लटके रहे। इससे दूर-दराज के गांवों से जरूरी कार्यों के लिए पहुंचे ग्रामीणों को घंटों इंतजार करना पड़ा। लगातार मिल रही शिकायतों के बीच खेरवाड़ा के पूर्व विधायक नानालाल अहारी ने सुबह 10 बजे तहसील कार्यालय का औचक निरीक्षण किया, जिसमें कर्मचारियों की अनुपस्थिति और अव्यवस्थाएं सामने आईं।
ग्रामीणों ने बताई परेशानी
निरीक्षण के दौरान कार्यालय में कई कुर्सियां खाली मिलीं और लोग अपने कार्यों के लिए भटकते नजर आए। पीपली ए गांव की नैना और करजी गांव के हरीश ने बताया कि वे खाद्य सुरक्षा योजना और राशन कार्ड संबंधी कार्य के लिए सुबह पहुंचे थे, लेकिन संबंधित कर्मचारी नहीं मिले। घोड़ियावाड़ा की अनीता जन्म प्रमाण-पत्र बनवाने आई थीं, पर कर्मचारी के अनुपस्थित रहने से उनका पूरा दिन खराब हो गया।
कार्रवाई के निर्देश
पूर्व विधायक अहारी ने मामले की जानकारी उपखंड अधिकारी रामकरण सिंह को दी। मौके पर पहुंचे एसडीएम ने हाजिरी रजिस्टर और कमरों की जांच की, जिसमें कई कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए। उन्होंने सभी संबंधित कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है। तहसीलदार आशीष सोनी ने बताया कि उनकी ड्यूटी प्राध्यापक भर्ती परीक्षा में लगी हुई थी। ग्रामीणों ने प्रशासन से नियमित बायोमैट्रिक उपस्थिति और सख्त निगरानी व्यवस्था लागू करने की मांग की है।