शाही अंदाज में निकलेगी भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा

Share

हाथी-घोड़े और आकर्षक झांकियों के साथ 16 जुलाई को होगा नगर भ्रमण
उदयपुर, 23 मई:
जगन्नाथ रथ यात्रा के तहत इस वर्ष भगवान जगन्नाथ स्वामी शाही अंदाज में उदयपुर नगर भ्रमण पर निकलेंगे। भगवान जगन्नाथ माता लक्ष्मी और दाणी राय जी के साथ रजत रथ में सवार होकर हजारों भक्तों को दर्शन देंगे। रथयात्रा 16 जुलाई 2026 को आषाढ़ सुदी द्वितीया के अवसर पर दोपहर 3 बजे जगदीश चौक से प्रारंभ होगी।
हाथी-घोड़े और जयकारों से गूंजेगा शहर
जगन्नाथ रथ यात्रा समिति के प्रवक्ता राजेंद्र सेन ने बताया कि रथयात्रा में हाथी, घोड़े, आकर्षक झांकियां और हजारों श्रद्धालु शामिल होंगे। भक्तजन जयकारों और भजन-कीर्तन के साथ नगर भ्रमण में भाग लेंगे।
तैयारियों को लेकर हुई बैठक
रथयात्रा की तैयारियों को लेकर समिति की बैठक संयोजक दिनेश मकवाना की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में रमेशचंद्र लालवानी, हेमेंद्र पुजारी, जगदीश पुजारी, राजेंद्र सेन और अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
26 मई को दिया जाएगा निमंत्रण
समिति के अनुसार 26 मई को जगदीश मंदिर प्रांगण में प्रभु को पीले चावल, श्रीफल और मिठाई का भोग लगाकर विभिन्न समाजों, संतों और संगठनों को रथयात्रा में शामिल होने का निमंत्रण दिया जाएगा। इस दौरान रथयात्रा के पोस्टर का विमोचन भी होगा।