वैज्ञानिक उपलब्धियों से गौरवान्वित हुआ महाराणा मेवाड़ पब्लिक स्कूल

Share

जर्मनी में शोधरत पूर्व छात्र डॉ. पलाश कुमावत का भव्य सम्मान, विद्यार्थियों को जिज्ञासा और नवाचार का संदेश
उदयपुर, 13 अगस्त :
महाराणा मेवाड़ पब्लिक स्कूल, सिटी पैलेस में विद्यालय के प्रतिभाशाली पूर्व छात्र और 2016 बैच के विद्यार्थी डॉ. पलाश कुमावत की वैज्ञानिक उपलब्धियों के सम्मान में विशेष समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में श्रीमती निवृत्ति कुमारी मेवाड़ की गरिमामयी उपस्थिति रही।
डॉ. पलाश कुमावत वर्तमान में जर्मनी की ब्रेमेन यूनिवर्सिटी स्थित MARUM में पोस्ट-डॉक्टोरल रिसर्चर के रूप में कार्यरत हैं। वे फ्लूइड-रॉक इंटरैक्शन, मरीन जियोकेमिस्ट्री और सबसीफ्लोर हैबिटेबिलिटी जैसे अत्याधुनिक क्षेत्रों में शोध कर रहे हैं। उनका अनुसंधान समुद्र की गहराइयों में भू-रासायनिक प्रक्रियाओं, चरम परिस्थितियों में जीवन की संभावनाओं तथा मंगल सहित अन्य ग्रहों पर जीवन की खोज से जुड़े वैज्ञानिक प्रश्नों पर केंद्रित है।
श्रीमती मेवाड़ ने डॉ. कुमावत की उपलब्धियों को विद्यालय और मेवाड़ के लिए गौरव बताते हुए उनके माता-पिता के विश्वास, सहयोग और त्याग की सराहना की। डॉ. कुमावत ने विद्यालय के शिक्षकों के मार्गदर्शन को अपनी सफलता की आधारशिला बताया। उन्होंने विद्यार्थियों से जिज्ञासा बनाए रखने, प्रश्न पूछने, निरंतर सीखने और अपनी क्षमताओं पर विश्वास रखने का आह्वान किया। साथ ही एआई के बढ़ते जल-पदचिह्न का उल्लेख करते हुए तकनीक के जिम्मेदार उपयोग और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण पर जोर दिया।