महेश नवमी महामहोत्सव का आगाज आज से, आठ दिन तक धर्म, खेल और संस्कृति का संगम

Share

क्रिकेट लीग से होगी शुरुआत, लाफ्टर नाइट, भजन संध्या, शोभायात्रा और महाप्रसादी रहेंगे आकर्षण का केंद्र
उदयपुर, 15 जून:
नगर माहेश्वरी युवा संगठन उदयपुर के तत्वावधान में महेश नवमी महामहोत्सव का भव्य शुभारंभ मंगलवार 16 जून से होगा। 23 जून तक चलने वाले इस आठ दिवसीय महोत्सव में खेल, संस्कृति, भक्ति और सामाजिक एकता के रंग देखने को मिलेंगे। आयोजन को लेकर माहेश्वरी समाज में उत्साह का माहौल है।
संगठन के अध्यक्ष गजेंद्र मुन्दड़ा और सचिव प्रभात अजमेरा ने बताया कि महोत्सव की शुरुआत राजस्थान महिला विद्यालय (आरएमवी) ग्राउंड पर आयोजित माहेश्वरी प्रीमियर लीग डे-नाइट क्रिकेट प्रतियोगिता से होगी। 16 से 18 जून तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में शहर की 12 टीमें खिताब के लिए मुकाबला करेंगी।
हंसी, खेल और प्रतिभाओं का होगा उत्सव
19 जून को माहेश्वरी वॉलीबॉल लीग और महिला क्रिकेट प्रतियोगिता आयोजित होगी। वहीं 20 जून की शाम हास्य कवि सम्मेलन ‘लाफ्टर नाइट’ में देश के चर्चित कवि मनवीर मधुर और आशकरण अटल अपनी प्रस्तुतियों से श्रोताओं को गुदगुदाएंगे।
21 जून को बैडमिंटन प्रतियोगिता के साथ सांस्कृतिक संध्या आयोजित होगी, जिसमें समाज के प्रतिभाशाली युवक-युवतियां नृत्य और गायन की प्रस्तुतियां देंगे।
भजन संध्या से लेकर भव्य शोभायात्रा तक
22 जून को ‘एक शाम प्रभु के नाम’ भव्य भजन संध्या का आयोजन होगा। लोकेश तूफानी ग्रुप की प्रस्तुतियों के साथ हनुमान, श्रीराम, राधा-कृष्ण एवं भोलेनाथ की आकर्षक झांकियां श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध करेंगी।
महोत्सव का समापन 23 जून को महेश नवमी के अवसर पर भव्य शोभायात्रा, महाआरती और महाप्रसादी के साथ होगा। आयोजन के दौरान समाजजनों के लिए भोजन और अन्य व्यवस्थाएं भी की गई हैं।