उदयपुर, 21 मार्च: ईद-उल-फितर के पावन अवसर पर उदयपुर में शनिवार सुबह भाईचारे और सौहार्द का संदेश गूंजा। चेतक सर्किल स्थित पलटन मस्जिद में मुख्य नमाज अदा की गई, जहां बड़ी संख्या में नमाजी एकत्र हुए। नमाज के बाद लोगों ने देश में अमन-चैन, शांति और भाईचारा बनाए रखने की दुआ मांगी।
नमाज के पश्चात नमाजियों ने एक-दूसरे से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी। शहर के अन्य मस्जिदों में भी नमाज अदा कर लोगों ने खुशियां साझा कीं और आपसी प्रेम बनाए रखने का संदेश दिया।
इस दौरान खास बात यह रही कि अन्य स्थानों की तरह उदयपुर में किसी प्रकार का विरोध प्रदर्शन देखने को नहीं मिला और त्योहार पूरी शांति व सौहार्द के साथ मनाया गया।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। पलटन मस्जिद सहित प्रमुख मस्जिदों के आसपास पुलिस बल तैनात रहा। मौके पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे, जिससे त्योहार शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।