प्रदेशभर में अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 1.59 लाख लीटर वॉश नष्ट

Share

उदयपुर, 7 मई: आबकारी आयुक्त नमित मेहता के निर्देश पर प्रदेशभर में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ विशेष निरोधात्मक अभियान चलाया जा रहा है। 1 से 6 मई 2026 तक चली कार्रवाई में आबकारी निरोधक दलों ने नाकाबंदी, गश्त और दबिश देकर 742 अभियोग दर्ज किए तथा 207 आरोपियों को गिरफ्तार किया।
अभियान के दौरान 3378 लीटर देशी शराब, 824 लीटर अंग्रेजी शराब, 1361 लीटर बीयर और 4388 लीटर हथकड़ शराब जब्त की गई। इसके अलावा प्रदेशभर में 1 लाख 59 हजार 96 लीटर वॉश नष्ट किया गया। कार्रवाई में दो चारपहिया और 10 दोपहिया वाहनों सहित कुल 12 वाहन भी जब्त किए गए।
डूंगरपुर में आबकारी दल ने एक बोलेरो वाहन से 10 कार्टन बीयर जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार किया। वहीं बीकानेर, हनुमानगढ़, चूरू और श्रीगंगानगर में दबिश देकर अवैध शराब और वॉश बरामद किया गया। ब्यावर में संयुक्त कार्रवाई के दौरान चालू भट्टी और 55 लीटर हथकड़ शराब पकड़ी गई। मेड़ता सिटी में 300 लीटर वॉश नष्ट कर अवैध शराब जब्त की गई।
आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया कि प्रदेशभर में अवैध मदिरा के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।