डूंगरपुर, 16 जुलाई: गुजरात में अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ जिला विशेष टीम (डीएसटी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब तीन लाख रुपए कीमत की 40 पेटी अंग्रेजी शराब से भरी कार जब्त की है। हालांकि पुलिस की घेराबंदी देख तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। मुखबिर से सूचना मिलने पर डीएसटी ने बिछीवाड़ा थाना क्षेत्र के पालीसोडा-पाटिया जंगल मार्ग पर नाकाबंदी की। गुजरात नंबर की होंडा अमेज कार को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक कार मोड़कर भागने लगा और वाहन पत्थरों में फंस गया। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। तलाशी में विभिन्न ब्रांड की शराब की 40 पेटियां और एक मोबाइल बरामद हुआ। पुलिस ने कार और शराब जब्त कर जांच शुरू कर दी है तथा तस्करों की तलाश जारी है।