उदयपुर, 29 मार्च : मोहनलाल सुखाड़िया यूनिवर्सिटी में काउंसिल ऑफ डीन्स (सीओडी) की अहम बैठक कुलपति प्रो. बी.पी. सारस्वत की अध्यक्षता में आयोजित हुई, जिसमें प्रशासन, वित्त, शिक्षा और सुरक्षा से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई।
बैठक में परीक्षा प्रणाली को मजबूत बनाने पर विशेष जोर दिया गया। हाल के प्रश्नपत्रों में सामने आई गड़बड़ियों के बाद तय किया गया कि अब परीक्षाएं समय पर आयोजित होंगी और परिणाम भी निर्धारित समय सीमा में जारी किए जाएंगे। गोपनीय परीक्षा कार्यों को सुचारू बनाने के लिए दो नई बोलेरो गाड़ियां खरीदने के प्रस्ताव को भी स्वीकृति दी गई।
सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए यूनिवर्सिटी परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों को अभय कमांड एंड कंट्रोल सेंटर से जोड़ा जाएगा। इससे कैंपस की निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी।
वित्तीय और प्रशासनिक सुधारों के तहत गोल्डन जुबली गेस्ट हाउस की नई दरों को मंजूरी दी गई है, जिससे सरकारी दरों पर भी सुविधा उपलब्ध होगी और यूनिवर्सिटी की आय में वृद्धि की संभावना है। इसके अलावा एस्टेट ऑफिस के कार्यों को बेहतर बनाने के लिए तकनीकी स्टाफ, सिविल और इलेक्ट्रिकल इंजीनियरों की भर्ती को भी हरी झंडी दी गई।
रिसर्च स्कॉलर्स के लिए राहत देते हुए निर्णय लिया गया कि जेआरएफ और नेट स्कॉलर्स को अब केवल शोध कार्यों में ही लगाया जाएगा। वहीं एमएससी माइक्रोबायोलॉजी में सामान्य फीस वाली सीटें शुरू करने और आईटीईपी संस्थानों को एनओसी देने के नियम यथावत रखने पर भी सहमति बनी।बैठक में अन्य प्रशासनिक मुद्दों और पूर्व निर्णयों की भी समीक्षा की गई।