बदमाशी वाले गाने पर बनाया वीडियो सोशल मीडिया पर किया अपलोड, 24 घंटे में पुलिस ने पकड़ा
उदयपुर, 28 सितंबर: झाड़ोल थाने के बाहर खड़े होकर बदमाशी वाले गाने पर रील बनाना एक युवक को महंगा पड़ गया। युवक ने रील बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड कर दी, जिसके वायरल होने के बाद झाड़ोल थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे 24 घंटे के भीतर हिरासत में ले लिया।
पुलिस के अनुसार युवक ने थाने के बाहर वीडियो बनाकर उसे सोशल मीडिया पर प्रसारित किया था। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने उसकी पहचान कर पूछताछ की। पुलिस ने युवक को भविष्य में इस तरह की हरकत नहीं करने की सख्त हिदायत दी और उससे माफी भी मंगवाई। इसके साथ ही नियमानुसार दंडात्मक कार्रवाई की गई।
पुलिस की कार्रवाई के बाद थाने और सार्वजनिक स्थानों पर रील बनाकर दबंगई प्रदर्शित करने वालों को स्पष्ट संदेश दिया गया है कि ऐसी गतिविधियों पर कार्रवाई की जाएगी।