गेहूं से भरे ट्रैक्टर रोककर रिश्वत मांग रहा था मंडी कार्मिक, ₹24 हजार लेते गिरफ्तार

Share

उदयपुर, 19 अगस्त: सविना कृषि उपज मंडी में गेहूं से भरे ट्रैक्टरों की चेकिंग और चालान नहीं करने की एवज में रिश्वत मांगने के मामले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने बड़ी कार्रवाई की है। एसीबी ने मंडी के कार्मिक मनोहर लाल को 24 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया। आरोपी पर अप्रैल 2025 से मार्च 2026 के बीच 65 हजार रुपए की रिश्वत लेने का भी आरोप है।
बिल नहीं होने पर चालान की धमकी
शिकायत के अनुसार आटा मिल संचालक से जुड़े व्यापारियों के गेहूं से भरे ट्रैक्टरों को आरोपी चेकिंग के नाम पर रोक रहा था। वह तत्काल बिल प्रस्तुत करने का दबाव बनाता और बिल नहीं होने पर चालान काटने तथा पेनल्टी लगाने की धमकी देता था। आरोप है कि ट्रैक्टरों की चेकिंग और कार्रवाई नहीं करने के बदले आरोपी तत्कालीन मंडी सचिव मदन लाल गुर्जर के नाम पर हर महीने रिश्वत की मांग कर रहा था।
अप्रैल-जुलाई की रिश्वत के लिए दबाव
एसीबी के अनुसार आरोपी ने अप्रैल 2025 से मार्च 2026 तक 65 हजार रुपए रिश्वत लेने का आरोप है। इसके बाद अप्रैल से जुलाई 2026 की अवधि के लिए भी रिश्वत की मांग की जा रही थी। शिकायत का सत्यापन कराने के बाद एसीबी ने कार्रवाई की और मनोहर लाल को 24 हजार रुपए लेते रंगे हाथों पकड़ लिया।
यह कार्रवाई एसीबी उदयपुर रेंज के डीआईजी डॉ. रामेश्वर सिंह के पर्यवेक्षण, एएसपी आनंद कुमार के निर्देशन और पुलिस अधीक्षक रामसुमेर मीणा की टीम ने की। एसीबी ने भ्रष्टाचार संबंधी शिकायत के लिए टोल-फ्री नंबर 1064 और व्हाट्सएप हेल्पलाइन 9413502834 पर सूचना देने की अपील की है।