28 जोड़ों का सामूहिक निकाह, फिजूलखर्ची पर रोक का संदेश

Share

प्रतापगढ़, 29 मार्च (रियाज मंसूरी): प्रतापगढ़ में अंजुमन फुरकानिया के बैनर तले ईदगाह मैदान में 15वां इज्तिमाई शादी सम्मेलन आयोजित किया गया, जिसमें 28 जोड़ों का सामूहिक निकाह संपन्न हुआ।
सम्मेलन का उद्देश्य अमीर-गरीब के बीच की दूरी कम करना और शादियों में होने वाली फिजूलखर्ची पर रोक लगाना रहा। शहर काजी जफर शेख की सदारत में हाफिज व मौलानाओं की मौजूदगी में निकाह की रस्में पूरी कराई गईं।
अंजुमन के जिला सदर हाजी खानशेद खान ने बताया कि सभी जोड़ों को गृहस्थी का आवश्यक सामान उपलब्ध कराया गया। साथ ही लकी ड्रा के माध्यम से फ्रिज, कूलर और पंखे जैसे उपहार भी वितरित किए गए। सम्मेलन में आए मेहमानों के लिए भोजन व ठहरने की अलग-अलग व्यवस्था की गई। पूर्व विधायक रामलाल मीणा ने भी समारोह में शिरकत कर नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया।