2 किलोमीटर तक उठा धुंआ, 5 दमकलों ने पाया काबू
उदयपुर, 28 अप्रैल: उदयपुर के लोयरा गांव स्थित एक फर्नीचर फैक्ट्री में मंगलवार सुबह भीषण आग लग गई। सुबह करीब 11 बजे फैक्ट्री के पिछले हिस्से में रखे वेस्ट मटेरियल में आग भड़क उठी और तेज हवा के कारण तेजी से फैल गई। धुएं का गुबार 2 से 3 किलोमीटर दूर तक दिखाई दिया। सूचना पर नगर निगम की फायर ब्रिगेड और बड़गांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची। दमकल की 5 गाड़ियों ने करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। राहत की बात यह रही कि आग मुख्य फैक्ट्री क्षेत्र तक नहीं पहुंची और कोई जनहानि नहीं हुई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग लगने से पहले फैक्ट्री परिसर के पास बिजली के पोल में तेज धमाके जैसी आवाज हुई, जिसके बाद पीछे पड़े फोम और पॉलिथीन युक्त वेस्ट मटेरियल ने आग पकड़ ली। आग इतनी तेज थी कि दूर-दूर तक काला धुआं दिखाई देने लगा। फैक्ट्री शहर से करीब 10 किलोमीटर दूर स्थित है और आसपास घनी आबादी नहीं होने से बड़ा हादसा टल गया। स्थानीय लोगों ने बताया कि परिसर के बाहर श्रुति सिंथेटिक फैक्ट्री का बोर्ड लगा है, लेकिन वहां फर्नीचर निर्माण का काम चल रहा था।
नगर निगम के मुख्य अग्निशमन अधिकारी बाबूलाल चौधरी ने बताया कि आग लगने की सूचना मिलते ही पांच फायर टेंडर मौके पर भेजे गए। प्रारंभिक जांच में बिजली के पोल में शॉर्ट सर्किट के बाद ब्लास्ट से आग लगना सामने आया है। फिलहाल आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया गया है और फैक्ट्री मालिक की जानकारी जुटाई जा रही है।