राजस्व लक्ष्य समय पर पूरे करें, लापरवाही पर होगी कार्रवाई: आबकारी आयुक्त

Share

राज्य स्तरीय समीक्षा बैठक में अधिकारियों को निर्देश, अवैध शराब पर सख्ती और बकाया वसूली तेज करने पर जोर
उदयपुर, 20 जुलाई:
आबकारी आयुक्त नमित मेहता ने विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि राजस्व लक्ष्यों की समयबद्ध पूर्ति के लिए कार्ययोजना बनाकर टीमवर्क के साथ काम करें। उन्होंने कहा कि राजस्व अर्जन सरकार की प्राथमिकता है, इसलिए सर्कलवार और दुकानवार नियमित समीक्षा कर लक्ष्य हासिल किए जाएं। लक्ष्य पूर्ति में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
जिला परिषद सभागार में आयोजित राज्य स्तरीय समीक्षा बैठक में मेहता ने कहा कि कई जिलों में राजस्व वृद्धि अपेक्षित स्तर तक नहीं पहुंची है। उन्होंने मदिरा उठाव, बकाया वसूली और निरोधात्मक कार्रवाई में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही अन्य राज्यों से अवैध शराब की तस्करी रोकने के लिए गिरफ्तारी और जब्ती की कार्रवाई बढ़ाने पर जोर दिया।
उन्होंने होटल, रिसोर्ट और लग्जरी विला में नियमित जांच करने तथा अवैध शराब की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। बैठक में मदिरा उठाव 120 प्रतिशत तक बढ़ाने, बकायेदारों की संपत्ति कुर्क करने, लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण, जब्त वाहनों की 15 अगस्त तक नीलामी तथा विभाग में रेवेन्यू मैनेजमेंट सिस्टम (RMS) लागू करने की जानकारी दी गई। बैठक में प्रदेशभर के अतिरिक्त आबकारी आयुक्त, जिला आबकारी अधिकारी और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।