गांधी-शास्त्री जयंती पर स्वच्छता व नशामुक्ति का संदेश, महापौर बोले- एक दिन का अभियान नहीं, निरंतर जनआंदोलन बने

Share

गुलाब बाग में जनप्रतिनिधियों ने झाड़ू थाम किया श्रमदान

उदयपुर, 2 अक्टूबर: राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर शुक्रवार को उदयपुर में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और नशामुक्ति का संदेश दिया गया। नगर निगम की ओर से गुलाब बाग उद्यान में आयोजित स्वच्छता एवं नशामुक्ति अभियान में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, समाजसेवियों, स्काउट-गाइड कैडेट्स और शहरवासियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत महापौर पारस सिंघवी, उदयपुर ग्रामीण विधायक फूलसिंह मीणा, आयुक्त अभिषेक खन्ना, समाजसेवी गजपाल सिंह, अतिरिक्त जिला कलेक्टर जितेंद्र ओझा, उपमहापौर दिनेश भट्ट एवं उपायुक्त हरि सिंह देवल सहित अन्य जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने गांधी प्रतिमा पर श्रद्धांजलि अर्पित कर की। इसके बाद सभी ने हाथों में झाड़ू लेकर गुलाब बाग परिसर में श्रमदान किया।
महापौर पारस सिंघवी ने कहा कि स्वच्छता अभियान केवल एक दिन या विशेष अवसर तक सीमित नहीं रहना चाहिए। इसे औपचारिकता से आगे बढ़ाकर आमजन की भागीदारी से निरंतर चलने वाला जनआंदोलन बनाया जाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि शहर को स्वच्छ रखने की जिम्मेदारी नगर निगम के साथ प्रत्येक नागरिक की भी है। इस दौरान लोगों ने स्वच्छता को जीवनशैली का हिस्सा बनाने और नशे से दूर रहने का संकल्प लिया।
शास्त्री सर्किल पर श्रद्धांजलि
शास्त्री सर्किल पर भी कार्यक्रम हुआ। सांसद मन्नालाल रावत और महापौर पारस सिंघवी ने लाल बहादुर शास्त्री को श्रद्धासुमन अर्पित कर उनके सादगीपूर्ण जीवन और ‘जय जवान, जय किसान’ के संदेश को याद किया।