उदयपुर, 26 मार्च: पर्यटन एवं आतिथ्य जगत की बहुप्रतीक्षित क्रिकेट प्रतियोगिता “मेवाड़ टूरिज्म कप 2026” का गुरुवार को फील्ड क्लब मैदान पर भव्य शुभारंभ हुआ। 5 अप्रैल तक चलने वाली इस टी-20 स्पर्धा में डे-नाइट मुकाबले भी आयोजित किए जा रहे हैं, जिसमें शहर के प्रमुख होटल समूहों की टीमें हिस्सा ले रही हैं।
उदय विलास की दमदार जीत
पहले मुकाबले में पैरेलल होटल ने 20 ओवर में 137 रन बनाए, जिसमें प्रकाश मीणा (39) और ओपी जांगिड़ (23) का योगदान रहा। जवाब में उदय विलास ने लक्ष्य चार गेंद शेष रहते हासिल कर लिया। शुभम सिंह (53) और सावन मिश्रा (35) की शानदार बल्लेबाजी से टीम ने सात विकेट से जीत दर्ज की। शुभम सिंह को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
लेकएंड ने रेडिसन ब्लू को हराया
दूसरे मैच में रेडिसन ब्लू 90 रन पर सिमट गई। लेकएंड के ज्योतिष भट्ट ने 4 विकेट लेकर शानदार गेंदबाजी की। लक्ष्य का पीछा करते हुए लेकएंड ने 9.5 ओवर में ही जीत हासिल कर ली। रवि सुगरवाल (31*) और हेमेन्द्र (26) ने अहम भूमिका निभाई। ज्योतिष भट्ट मैन ऑफ द मैच रहे।
10 होटल टीमें ले रहीं भाग
आयोजन सचिव यदुराज सिंह कृष्णावत ने बताया कि प्रतियोगिता में ताज, ओबेरॉय, आईटीसी, फेयरमोंट सहित 10 प्रमुख होटल टीमें भाग ले रही हैं। आयोजन का उद्देश्य खेल के माध्यम से पर्यटन उद्योग में समन्वय और भाईचारा बढ़ाना है।