उदयपुर, 7 अगस्त: उदयपुर संभाग में इस बार मानसून लगातार निराश कर रहा है। सामान्य से कम बारिश के कारण एशिया की दूसरी सबसे बड़ी कृत्रिम मीठे पानी की झील जयसमंद में अब तक पानी की अपेक्षित आवक शुरू नहीं हो सकी है। झील का जलस्तर बढ़ने का इंतजार बना हुआ है और कैचमेंट क्षेत्र में अच्छी बारिश नहीं होने से जलभराव की स्थिति नहीं बन पा रही है। हालांकि मानसून की सुस्ती के बावजूद बड़ी संख्या में पर्यटक और स्थानीय लोग जयसमंद की प्राकृतिक सुंदरता का आनंद लेने पहुंच रहे हैं। झील का शांत वातावरण और हरियाली लोगों को आकर्षित कर रही है, लेकिन पर्याप्त बारिश नहीं होने से जल संसाधनों को लेकर चिंता भी बढ़ने लगी है। मौसम विशेषज्ञों और किसानों की नजर अब आगामी दिनों की बारिश पर टिकी है, जिससे झीलों, बांधों और जलाशयों में पानी की आवक तेज होने की उम्मीद है।