दूसरे चरण की गिनती में निकले 5.77 करोड़ रुपए, तीसरे चरण की गिनती आज
मंडफिया, 18 मई: Shri Sanwaliya Ji Temple में 15 मई को खोले गए भंडार की दूसरे चरण की गिनती सोमवार को मंदिर मंडल अध्यक्ष हजारी दास वैष्णव की मौजूदगी में की गई। दूसरे चरण में भंडार से 5 करोड़ 77 लाख 50 हजार रुपए नकद प्राप्त हुए। इससे पहले प्रथम चरण में 11 करोड़ 30 लाख रुपए की राशि निकली थी। दोनों चरणों को मिलाकर अब तक कुल 17 करोड़ 7 लाख 50 हजार रुपए नकद प्राप्त हो चुके हैं।
मंदिर प्रशासन के अनुसार तीसरे चरण की गिनती मंगलवार को की जाएगी। भंडार गिनती के दौरान मंदिर मंडल सदस्य पवन तिवारी, प्रशासनिक अधिकारी राजेंद्र सिंह, संपदा प्रभारी भेरूगिरी गोस्वामी सहित मंदिर एवं बैंक कर्मचारियों की मौजूदगी रही। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र सांवलियाजी मंदिर हर बार की तरह इस बार भी दान राशि को लेकर चर्चा में बना हुआ है।