‘वनगिरी’ ब्रांड और ‘आदिपराग’ शहद का मुख्यमंत्री ने किया लोकार्पण
प्रतापगढ़, 26 सितम्बर: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के प्रतापगढ़ दौरे के दौरान शनिवार को वन धन केंद्रों से तैयार उत्पादों के विपणन एवं बिक्री को लेकर कॉनफेड और राजससंघ के बीच एमओयू किया गया। इसका उद्देश्य वन धन केंद्रों से जुड़े उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने और उनकी बिक्री के लिए संस्थागत व्यवस्था विकसित करना है।
कार्यक्रम में राजससंघ के नए ब्रांड ‘वनगिरी’ का शुभारंभ किया गया। इसी ब्रांड के तहत तैयार किए गए पहले उत्पाद ‘आदिपराग’ शहद का भी मुख्यमंत्री ने लोकार्पण किया। वन धन केंद्रों के माध्यम से तैयार उत्पादों को ब्रांडिंग और विपणन से जोड़ने की दिशा में इसे महत्वपूर्ण पहल बताया गया।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र के विकास से जुड़े विभिन्न कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास भी किया। मुख्य समारोह के बाद वे गवर्नमेंट कॉलेज स्थित ऑडिटोरियम पहुंचे, जहां स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों से संवाद किया।
इस दौरान जनजाति क्षेत्रीय विकास मंत्री बाबूलाल खराड़ी, राजस्व मंत्री हेमंत मीणा, सहकारिता राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गौतम कुमार दक, विधायक श्रीचंद कृपलानी, अर्जुनलाल जीनगर सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री उदयपुर के लिए रवाना हो गए।