राजस्थान के सांसदों में तीसरे स्थान पर रहे, लोकसभा में 90 प्रतिशत रही उपस्थिति
उदयपुर, 25 अप्रैल: लोकसभा के बजट सत्र में प्रश्न पूछने के मामले में उदयपुर सांसद डॉ. मन्नालाल रावत ने एक बार फिर राजस्थान के शीर्ष तीन सांसदों में स्थान बनाया है। उन्होंने बजट सत्र के दौरान 68 प्रश्न पूछे, जिससे वे राज्य के सबसे सक्रिय सांसदों में शामिल रहे। उनकी 90 प्रतिशत उपस्थिति भी दर्ज की गई, जो संसद में उनकी सक्रिय भागीदारी को दर्शाती है।
जानकारी के अनुसार पाली सांसद पी.पी. चौधरी ने सर्वाधिक 76 प्रश्न, जबकि भीलवाड़ा सांसद दामोदर अग्रवाल ने 73 प्रश्न पूछे। उदयपुर सांसद डॉ. रावत 68 प्रश्नों के साथ तीसरे स्थान पर रहे। लोकसभा के बजट सत्र में सभी सांसदों द्वारा कुल 6,939 प्रश्न पूछे गए, जिनमें राजस्थान के 20 सांसदों ने 798 प्रश्न किए। यह कुल प्रश्नों का 11.5 प्रतिशत है, जबकि लोकसभा में राजस्थान के सांसदों की हिस्सेदारी लगभग 4.5 प्रतिशत ही है।
डॉ. रावत ने स्वास्थ्य, कौशल विकास, जनजाति विकास, ग्रामीण विकास, रेल, सड़क, वित्त और जल संसाधन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर सवाल उठाए। उनके द्वारा उठाए गए कई मुद्दों पर केंद्र सरकार ने कार्रवाई भी की है। सांसद की सक्रियता को क्षेत्रीय विकास के लिए सकारात्मक माना जा रहा है।