धारा 370 हटाकर मुखर्जी के स्वप्न को किया साकार:अजीत मांडन

Share

उदयपुर, 23 जून: भारतीय जनता पार्टी उदयपुर देहात द्वारा बलीचा स्थित पार्टी कार्यालय में जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर पुष्पांजलि एवं संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मुखर्जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
मुख्य वक्ता एवं भाजपा प्रदेश मंत्री अजीत मांडन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटाकर डॉ. मुखर्जी के सपने को साकार किया है। उन्होंने कहा कि मुखर्जी ने देश की एकता, अखंडता और एक संविधान-एक प्रधान की अवधारणा के लिए संघर्ष किया था, जिसे देश हमेशा याद रखेगा।
मांडन ने मुखर्जी के जीवन, जनसंघ की स्थापना और कश्मीर आंदोलन में उनके योगदान को ऐतिहासिक बताया। कार्यक्रम में जिला महामंत्री ललित सिंह सिसोदिया, जिला उपाध्यक्ष नरेंद्र सिंह आसोलिया, दीपक शर्मा, शांतिलाल मेघवाल सहित कई भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।