रेलवे स्टेशन के सामने बस्ती में निगम का पीला पंजा, कार्रवाई पर विरोध

Share

महापौर पारस सिंघवी की मौजूदगी में सड़क तक किए अस्थायी कब्जे हटाए, नुकसान और मारपीट के आरोपों को निगम ने नकारा
उदयपुर, 29 अक्टूबर
: दीपावली से पहले नगर निगम ने गुरुवार को रेलवे स्टेशन के सामने स्थित कच्ची बस्ती में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। महापौर पारस सिंघवी और निगम के पुलिस निरीक्षक मांगीलाल की मौजूदगी में अतिक्रमण निरोधी दस्ते ने जेसीबी की मदद से घरों के बाहर और मुख्य सड़क तक किए गए अस्थायी कब्जे हटाए। कार्रवाई के दौरान सामान टूटने से बस्तीवासी नाराज हो गए और महापौर से बहस करने लगे। पुलिस ने बीच-बचाव कर स्थिति संभाली।
सामान टूटने पर भड़के बस्तीवासी
कार्रवाई के दौरान बस्ती के लोगों ने महापौर के सामने नाराजगी जताई। पुलिस ने बहस कर रहे एक युवक को मौके से हटाया। बस्तीवासियों ने आरोप लगाया कि कार्रवाई में दो-तीन घरों के आगे के हिस्सों को नुकसान पहुंचा और उनके साथ मारपीट भी की गई। महिलाओं का कहना था कि वे दशकों से यहां रह रही हैं। उनका आरोप है कि दीपावली पर बेचने के लिए बाहर रखा सामान भी तोड़ दिया गया। उन्होंने बिलिया गांव में स्थानांतरित करने की बात पर भी आपत्ति जताते हुए कहा कि वहां पर्याप्त सुविधाएं नहीं हैं।
निगम का दावा- घरों को नुकसान नहीं पहुंचाया
नगर निगम के निरीक्षक मांगीलाल ने घरों को तोड़ने और मारपीट के आरोपों को नकारा। निगम के अनुसार, किसी झोपड़ी या घर को नुकसान नहीं पहुंचाया गया। बस्ती के लोगों ने झोपड़ियों के आगे बांस और तिरपाल लगाकर मुख्य सड़क तक सामान रख दिया था, जिससे आवागमन बाधित हो रहा था। कार्रवाई में केवल सड़क तक किए गए अस्थायी कब्जे और वहां रखा सामान हटाया गया।