आयुक्त बोले- फॉगिंग, एंटी लार्वा गतिविधियां और सोर्स रिडक्शन पर रहेगा विशेष जोर
उदयपुर, 29 जुलाई: मानसून के दौरान डेंगू, मलेरिया और अन्य मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए नगर निगम और स्वास्थ्य विभाग ने संयुक्त रूप से अभियान तेज कर दिया है। बुधवार को नगर निगम सभागार में आयुक्त अभिषेक खन्ना की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई, जिसमें निगम अधिकारियों, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों, सभी वार्डों के जमादारों और यू-पीएचसी के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना ने कहा कि मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए निगम के पास आवश्यक संसाधन उपलब्ध हैं। शहर में समय-समय पर फॉगिंग के साथ मच्छरों के लार्वा को नष्ट करने के लिए एमएलओ और कीटनाशकों का छिड़काव किया जा रहा है। उन्होंने सभी वार्डों में अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अशोक आदित्य ने कहा कि डेंगू और मलेरिया जैसी बीमारियों से बचाव के लिए कहीं भी पानी जमा नहीं होने देना सबसे जरूरी है। उन्होंने नागरिकों से घरों और आसपास पानी की टंकियों, गमलों, पुराने टायरों, कबाड़ और अन्य स्थानों पर जमा पानी को नियमित रूप से साफ करने की अपील की।
डिप्टी सीएमएचओ डॉ. विक्रम सिंह ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से मच्छरजनित रोगों की रोकथाम के लिए सोर्स रिडक्शन, एंटी लार्वल और एंटी एडल्ट गतिविधियों की जानकारी दी। बैठक में सभी स्वास्थ्य निरीक्षकों और जमादारों ने अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित सफाई, लार्वा नियंत्रण और कीटनाशक छिड़काव सुनिश्चित करने का भरोसा दिलाया।
स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि प्रत्येक शुक्रवार को शहर में विशेष सोर्स रिडक्शन अभियान चलाया जाता है, जिसमें आशा और एएनएम घर-घर जाकर पानी जमा होने वाले स्थानों की जांच करती हैं तथा चिकित्सा अधिकारी और पीएचएम इसकी निगरानी करते हैं।