डूंगरपुर में दिनदहाड़े वृद्ध की हत्या का खुलासा

Share

फरार आरोपी अहमदाबाद से गिरफ्तार, पूछताछ में कबूली वारदात
डूंगरपुर, 11 फरवरी:
डूंगरपुर जिले के सदर थाना क्षेत्र में देवल खास के मनात फला में दिनदहाड़े हुई वृद्ध की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। घटना के बाद से फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने अहमदाबाद (गुजरात) से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने हत्या करना स्वीकार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार 6 फरवरी को मनात फला, देवल में एक वृद्ध का शव घर के आंगन में संदिग्ध अवस्था में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई थी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने पाया कि घर में अकेले रह रहे वृद्ध की हत्या की गई है। मृतक के पुत्र धुला (32) ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
धुला ने बताया कि सुबह मजदूरी पर जाने से पहले उसके पिता शंकर और शांतिलाल पुत्र शंकर कोटेड आपस में बातचीत कर रहे थे। शाम को सूचना मिलने पर घर पहुंचा तो पिता खाट पर अचेत अवस्था में पड़े थे। उनके सिर, गले और सीने पर गंभीर चोट के निशान थे।
एसपी मनीष कुमार के निर्देश पर पुलिस ने जांच तेज की। घटना के दिन से फरार आरोपी शांतिलाल को अहमदाबाद से दबोचकर डूंगरपुर लाया गया, जहां उसने वारदात कबूल की। पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।