डिप्टी मेयर के लिए बोराणा-भट्ट के नाम चर्चा में, बाड़ेबंदी में दिनेश भट्ट की तबीयत बिगड़ी

Share

मेयर चुनाव में भाजपा के सामने क्रॉस-वोटिंग की चुनौती
उदयपुर, 17 सितम्बर :
उदयपुर नगर निगम में मेयर पद के लिए पारस सिंघवी के नामांकन के बाद अब भाजपा के सामने पार्षदों को एकजुट रखने की चुनौती है। 21 सितंबर को मेयर पद के लिए मतदान होगा, जबकि 22 सितंबर को डिप्टी मेयर के लिए नामांकन और मतदान होगा। भाजपा में डिप्टी मेयर पद के लिए पंकज बोराणा और पूर्व जिलाध्यक्ष दिनेश भट्ट के नाम चर्चा में हैं।
भाजपा ने नगर निगम की 80 सीटों में 53 पर जीत दर्ज की है। बहुमत के बावजूद मेयर चुनाव को लेकर पार्टी के भीतर समीकरणों पर नजर बनी हुई है। पारस सिंघवी के नाम की घोषणा के बाद पूर्व मेयर पद के दावेदार दिनेश भट्ट और प्रमोद सामर के समर्थकों में नाराजगी की चर्चाएं हैं। हालांकि क्रॉस-वोटिंग की आशंका को लेकर पार्टी स्तर पर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
डिप्टी मेयर पद के लिए पंकज बोराणा और दिनेश भट्ट के नाम सामने आए हैं। बोराणा भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ के रिश्तेदार बताए जाते हैं, जबकि भट्ट पूर्व जिलाध्यक्ष हैं और ब्राह्मण समाज के प्रमुख चेहरों में गिने जाते हैं।
बाड़ेबंदी के दौरान गुरुवार को दिनेश भट्ट की शुगर और ब्लड प्रेशर बढ़ने की शिकायत हुई। इसके बाद उन्हें रिसोर्ट से निजी अस्पताल ले जाया गया। उधर, पारस सिंघवी के नामांकन के विरोध में पूर्व पार्षद प्रेमसिंह शक्तावत के प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफे की घोषणा के बाद पार्टी नेताओं ने उनसे संपर्क कर समझाइश की कोशिश की। अब भाजपा की नजर 21 सितंबर के मतदान पर है।

ऋषभदेव में रोडवेज बस के चारों पहिए जाम, यात्रियों को हुई परेशानी

बांसवाड़ा से दिल्ली जा रही बस रास्ते में रुकी, 30 यात्रियों को निजी जीप से जाना पड़ा
खेरवाड़ा, 17 सितम्बर:
ऋषभदेव में गुरुवार शाम राजस्थान रोडवेज की बस के चारों पहिए जाम होने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। बस करीब शाम 3 बजे ऋषभदेव पहुंची थी। यहां अचानक चारों पहिए जाम हो गए, जिससे बस आगे नहीं जा सकी। बस में सवार यात्रियों को काफी देर तक परेशान होना पड़ा।
जानकारी के अनुसार बस बांसवाड़ा से दिल्ली जा रही थी। बस के रास्ते में रुक जाने के बाद दिल्ली जाने वाले करीब 30 यात्रियों को तत्काल निजी जीप की व्यवस्था कर आगे रवाना होना पड़ा। यात्रियों का आरोप है कि निजी जीप से जाने के लिए उन्हें स्वयं किराया देना पड़ा और परिचालक की ओर से इस किराए की राशि नहीं दी गई।
वहीं, बस में सवार अन्य यात्रियों को भी वैकल्पिक साधनों से आगे जाना पड़ा। कुछ यात्रियों को राजस्थान रोडवेज की दूसरी बस से रवाना किया गया। यात्रियों के अनुसार दूसरी बस में पहले से अधिक सवारियां होने के कारण वह खचाखच भरी हुई थी, जिससे सफर के दौरान भी परेशानी का सामना करना पड़ा।
बस के चारों पहिए एक साथ जाम होने से यात्रियों में नाराजगी रही। यात्रियों ने रोडवेज बसों के रखरखाव और खराबी की स्थिति में यात्रियों के लिए तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था किए जाने की मांग की है।

11 मिनट में 3.25 लाख की ज्वेलरी उड़ाई
ग्राहक बनकर दुकान में पहुंचा बदमाश, 15 मिनट में लौटने का झांसा देकर फरार
उदयपुर, 17 सितम्बर:
उदयपुर के सवीना थाना क्षेत्र में ग्राहक बनकर आए एक बदमाश ने ज्वेलरी दुकान से महज 11 मिनट में करीब 3.25 लाख रुपए की सोने की बालियां चोरी कर लीं। आरोपी दुकान में मौजूद बुजुर्ग को बातों में उलझाकर बालियों का पैकेट अपनी जेब में रखता नजर आया। इसके बाद 15 मिनट में वापस आने की बात कहकर दुकान से निकल गया। दुकानदार को चोरी का पता चलने पर सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए।
घटना गुरुवार सुबह करीब 10:32 बजे तीतरड़ी चौराहा स्थित नमो ज्वेलर्स की है। दुकान संचालक सुरेश पांचाल के अनुसार, घटना के समय उनके पिता दुकान पर बैठे थे। इसी दौरान एक युवक ग्राहक बनकर आया और सोने की बालियां दिखाने को कहा।
पिता ने उसे एक बॉक्स में रखी अलग-अलग साइज की बालियां दिखाईं। आरोपी लगातार बालियां देखने के साथ उनका ध्यान भटकाता रहा। इसी दौरान उसने करीब 25 ग्राम वजन की सोने की बालियों का एक पैकेट अपनी उंगली में फंसाया और उसे छिपाकर जेब में रख लिया।
सुबह 10:43 बजे आरोपी दुकान से बाहर निकल गया। उसने जाते समय 15 मिनट में वापस आने की बात कही। कुछ देर बाद दुकानदार को बालियों की संख्या और वजन में कमी का पता चला। जांच करने पर करीब 25 ग्राम सोने की बालियां गायब मिलीं, जिनकी कीमत करीब 3.25 लाख रुपए बताई गई।
सूचना पर सवीना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज में आरोपी की गतिविधियां कैद हुई हैं। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश कर रही है।

फ्लैट बेचने के नाम पर धोखाधड़ी करने वाले पति-पत्नी गिरफ्तार
15 साल से फरार आरोपियों को महाराष्ट्र से पकड़ा, दोनों पर 10-10 हजार का इनाम था
उदयपुर, 17 सितम्बर
: फ्लैट बेचने के नाम पर रुपए लेकर फरार हुए पति-पत्नी को धानमंडी थाना पुलिस ने 15 साल बाद महाराष्ट्र से गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से बाहर थे। पुलिस ने दोनों पर 10-10 हजार रुपए का इनाम घोषित कर रखा था। पुलिस ने तकनीकी सूचना और मुखबिर तंत्र की मदद से दोनों को महाराष्ट्र के नेरल से पकड़ा।
थानाधिकारी गजवीर सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हकीमुद्दीन पिता ताहिर अली बोहरा निवासी नाथद्वारा और उसकी पत्नी शमीमा बोहरा निवासी गुलाबेश्वर मार्ग, उदयपुर के रूप में हुई है। हकीमुद्दीन हाथीपोल थाने के चार स्थायी वारंटों और शमीमा दो स्थायी वारंटों में वांछित थी।
मामला वर्ष 2011 का है। परिवादी इरशाद अली निवासी पठानवाड़ी ने इस्तगासे के माध्यम से शिकायत दी थी। शिकायत के अनुसार गुलाबेश्वर मार्ग स्थित बहुमंजिला इमारत के ग्राउंड फ्लोर का फ्लैट नंबर-1 बेचने का सौदा 10 लाख रुपए में तय हुआ था। फ्लैट में दो बेडरूम, किचन, डायनिंग रूम और बालकनी सहित करीब 693 वर्गफीट क्षेत्र था।
आरोपियों ने शुरुआत में परिवादी से 2 लाख रुपए लिए। इसके बाद शेष राशि देने पर रजिस्ट्री कराने की बात कही। बाद में मकान के मूल दस्तावेज किसी अन्य व्यक्ति के पास होने की बात कहकर 4 लाख रुपए और ले लिए तथा 100 रुपए के स्टाम्प पर लिखापढ़ी की। रजिस्ट्री नहीं कराने के बाद दोनों ने मोबाइल बंद कर दिए। परिवादी उनके फ्लैट पर पहुंचा तो वहां ताला मिला। इसके बाद से दोनों फरार थे।

देवास बांधों से आज पिछोला-फतहसागर में छोड़ा जाएगा पानी
सीसारमा नदी में बढ़ेगा जल प्रवाह, प्रशासन ने नदी-नालों से दूर रहने की दी चेतावनी
उदयपुर, 17 सितम्बर: उदयपुर शहर की पेयजल व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए देवास प्रथम और देवास द्वितीय परियोजना के बांधों से पिछोला और फतहसागर झील में पानी पहुंचाया जाएगा। इस वर्षा ऋतु में दोनों झीलों में पानी की आवक कम रहने के कारण जल संसाधन विभाग ने अकोदड़ा और मादड़ी बांध में उपलब्ध पानी को झीलों की ओर अपवर्तित करने का निर्णय लिया है।
जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधीक्षण अभियंता की ओर से 13 सितंबर को भेजे गए पत्र के बाद दोनों विभागों के बीच हुई चर्चा में पानी छोड़ने की तारीख तय की गई। इसके तहत देवास प्रथम और द्वितीय के अकोदड़ा तथा मादड़ी बांध से पानी को पिछोला और फतहसागर की ओर भेजा जाएगा।
पानी छोड़े जाने के दौरान सीसारमा नदी और नांदेश्वर टैंक के बहाव क्षेत्र में जल प्रवाह बढ़ने की संभावना है। इसे देखते हुए प्रशासन ने आसपास रहने वाले लोगों को नदी-नालों और बहाव क्षेत्र से दूर रहने की अपील की है। लोगों से अपने मवेशियों को भी पानी के बहाव वाले क्षेत्रों में नहीं ले जाने को कहा गया है।
दरअसल, झीलों का जलस्तर अपेक्षा के अनुरूप नहीं बढ़ने से शहर की पेयजल व्यवस्था को लेकर चिंता बनी हुई थी। देवास परियोजना के बांधों में उपलब्ध पानी को तकनीकी व्यवस्था के माध्यम से झीलों तक पहुंचाने की योजना बनाई गई है।
पिछोला और फतहसागर का जलस्तर बढ़ना शहर के पर्यटन कारोबार के लिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। झीलों की स्थिति का असर होटल, बोटिंग और अन्य पर्यटन गतिविधियों पर पड़ता है। दीपावली के बाद शहर में पर्यटन सीजन शुरू होने की उम्मीद के बीच झीलों में पानी पहुंचाने की यह व्यवस्था अहम मानी जा रही है।

लापता भाजपा पार्षद प्रदीप काबरा एक दिन बाद घर लौटे
जोधपुर से नाथद्वारा आते समय संपर्क टूटा था, चारों पार्षद सुबह घर पहुंचे
राजसमंद, 17 सितम्बर:
नाथद्वारा नगर पालिका अध्यक्ष पद के चुनाव से पहले बुधवार को लापता हुए भाजपा पार्षद एवं जिला महामंत्री प्रदीप काबरा गुरुवार सुबह नाथद्वारा लौट आए। उनके साथ संपर्क से बाहर रहे तीन अन्य पार्षद भी वापस पहुंच गए। चारों के घर पहुंचने के बाद परिजनों और समर्थकों की ओर से जताई जा रही अपहरण की आशंका समाप्त हो गई।
परिजनों के अनुसार प्रदीप काबरा बुधवार सुबह करीब 6 बजे जोधपुर से नाथद्वारा के लिए रवाना हुए थे। उन्हें अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल करना था। सुबह 9.28 बजे परिवार की उनसे आखिरी बार बातचीत हुई थी। उस समय उन्होंने करीब 11.15 बजे तक नाथद्वारा पहुंचने की बात कही थी। इसके बाद देसूरी के आसपास उनका मोबाइल बंद आने लगा।
काबरा के साथ संदीप श्रीमाली और वार्ड नंबर 1 के प्रस्तावक चंद्रप्रकाश जोशी सहित अन्य लोगों से भी संपर्क नहीं हो रहा था। इसके बाद परिजन और समर्थक उपखंड कार्यालय के बाहर जुट गए और धरना शुरू कर दिया। उन्होंने प्रशासन से काबरा और उनके साथ गए लोगों की जानकारी देने की मांग की।
इस दौरान नाथद्वारा विधायक विश्वराज सिंह मेवाड़ और सांसद महिमा कुमारी मेवाड़ भी मौके पर पहुंचे। परिजनों ने पुलिस अधिकारियों से बातचीत कर जल्द कार्रवाई की मांग की।
इसी बीच भाजपा पार्षद हीना पुरोहित के ससुर सुरेश पुरोहित की हार्ट अटैक से मौत की सूचना भी सामने आई। परिजनों ने अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए परिवार के सदस्यों को छोड़ने की मांग की।
गुरुवार सुबह करीब 6.30 बजे काबरा सहित चारों पार्षद नाथद्वारा पहुंचे और अपने-अपने घर चले गए। पालिका में भाजपा के 20, कांग्रेस के 19 और एक निर्दलीय पार्षद हैं।

गणगौर घाट पर गूंजी दिवेर विजय की गाथा
नुक्कड़ नाटक में महाराणा प्रताप और मेवाड़ी वीरों का शौर्य जीवंत, भाषण प्रतियोगिता में जागृति प्रथम
उदयपुर, 17 सितम्बर:
पिछोला झील के गणगौर घाट पर गुरुवार शाम दिवेर युद्ध पर आधारित नुक्कड़ नाटक का सार्वजनिक मंचन किया गया। प्रताप गौरव केन्द्र ‘राष्ट्रीय तीर्थ’ के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने महाराणा प्रताप, कुंवर अमर सिंह और मेवाड़ी वीरों के शौर्य को मंच पर जीवंत किया। नाटक के संवाद और प्रस्तुति ने घाट पर मौजूद लोगों का ध्यान आकर्षित किया।
नाटक का उद्देश्य मेवाड़ के इतिहास और वीरता की गाथाओं से नई पीढ़ी को परिचित कराना था। प्रस्तुति में दिवेर चौकी पर महाराणा प्रताप के ऐतिहासिक अभियान, कुंवर अमर सिंह की भूमिका और मेवाड़ी योद्धाओं के साहस को प्रदर्शित किया गया। इसका लेखन और निर्देशन अमित श्रीमाली व अमित व्यास ने किया। मीरा गर्ल्स कॉलेज और विद्या भवन पॉलिटेक्निक कॉलेज के विद्यार्थियों ने विभिन्न पात्रों की भूमिका निभाई।
इसी क्रम में दिवेर विजय महोत्सव 2026 के तहत राजस्थान के विभिन्न संभागों में भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। उदयपुर के राजकीय मीरा कन्या महाविद्यालय में हुई संभाग स्तरीय प्रतियोगिता में जागृति जागेटिया ने प्रथम स्थान हासिल किया। हिमांशु आसेरी और स्पर्शी जैन संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर रहे।
कार्यक्रम में प्रताप गौरव केन्द्र के निदेशक अनुराग सक्सेना सहित अन्य अतिथि मौजूद रहे। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने महाराणा प्रताप के रण-कौशल, प्रशासनिक क्षमता और दिवेर युद्ध की ऐतिहासिक महत्ता पर विचार रखे।
बीकानेर के राजकीय डूंगर महाविद्यालय में भी संभाग स्तरीय भाषण प्रतियोगिता हुई। इसमें निखिल चौधरी प्रथम, संजू कंवर द्वितीय और नेहरू मेमोरियल कॉलेज, हनुमानगढ़ के कृष तृतीय रहे। चयनित प्रतिभागी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे।

विदेशी पर्यटकों के पंजीकरण की प्रक्रिया सरल करने की मांग, होटल संस्थान ने पोर्टल पर Form III लागू करने का किया अनुरोध
अतिरिक्त जानकारी मांगे जाने से बढ़ रहा प्रशासनिक भार, गृह मंत्रालय व ब्यूरो ऑफ इमिग्रेशन से प्रक्रिया सरल करने की मांग
उदयपुर, 17 सितम्बर:
होटल संस्थान दक्षिणी राजस्थान ने विदेशी पर्यटकों के ऑनलाइन पंजीकरण की वर्तमान प्रक्रिया को सरल बनाने की मांग की है। संस्थान ने गृह मंत्रालय एवं ब्यूरो ऑफ इमिग्रेशन से ऑनलाइन पोर्टल पर निर्धारित Form III के अनुरूप ही जानकारी लेने का अनुरोध किया है, ताकि होटल संचालकों पर अनावश्यक प्रशासनिक और डेटा एंट्री का भार कम हो सके।
संस्थान के सचिव राकेश चौधरी ने बताया कि Immigration and Foreigners Rules, 2025 के तहत पूर्व के Form C के स्थान पर Form III निर्धारित किया गया है। हालांकि, ऑनलाइन पोर्टल पर निर्धारित फॉर्म से अतिरिक्त जानकारी और कई विवरण मांगे जा रहे हैं। इससे विदेशी मेहमानों के पंजीकरण में अधिक समय लग रहा है और होटल कर्मचारियों पर अतिरिक्त कार्यभार बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि होटल एवं हॉस्पिटैलिटी उद्योग इमिग्रेशन नियमों के अनुपालन और विदेशी पर्यटकों का सही रिकॉर्ड रखने के लिए प्रतिबद्ध है। लेकिन एक ही जानकारी को बार-बार दर्ज करने तथा अतिरिक्त डेटा एंट्री से बचा जाना चाहिए।

एमडी ड्रग का वीडियो भेजकर सौदा, युवक गिरफ्तार
प्रतापगढ़:
प्रतापगढ़ पुलिस ने एमडी ड्रग की खरीद-फरोख्त के मामले में 21 वर्षीय युवक वीरेंद्र को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके पास से मोबाइल फोन जब्त किया, जिसमें एमडी ड्रग का वीडियो मिला। थानाधिकारी शंभुसिंह के अनुसार 16 सितंबर को उप निरीक्षक गिरिराज कुमार टीम के साथ सोहनपुर फंटे पर नाकाबंदी कर रहे थे। अखेपुर की ओर से पैदल आ रहा युवक पुलिस को देखकर भागने लगा, जिसे पकड़कर पूछताछ की गई। तलाशी में मिले मोबाइल की गैलरी में एमडी का वीडियो मिला। पूछताछ में युवक ने बताया कि उसने खरीदार को सैंपल के तौर पर वीडियो भेजा था और यूपीआई से पैसे भी मिले थे। पुलिस उससे जुड़े अन्य लोगों के बारे में पूछताछ कर रही है।

मगवास में विकास कार्यों का लोकार्पण
उदयपुर:
राजस्थान सरकार के जनजातीय मंत्री बाबूलाल खराड़ी ने गुरुवार को मगवास में विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण किया। जल जीवन मिशन के तहत पेयजल योजना, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में नवनिर्मित डोम व नए कक्षा-कक्ष, सीसी रोड और नाली निर्माण तथा मुख्य सड़क से श्मशान घाट तक सीसी रोड का लोकार्पण किया गया। इस अवसर पर मंत्री खराड़ी ने कहा कि राज्य सरकार और जनप्रतिनिधि के रूप में हर गांव और ढाणी तक विकास पहुंचाना प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि विकास कार्य स्थानीय नागरिकों की मूलभूत जरूरतों को पूरा करने के साथ क्षेत्र के चहुंमुखी विकास का मार्ग प्रशस्त करेंगे। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, ग्रामीण और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

पंचायती राज चुनाव की आरक्षण लॉटरी 23-24 सितंबर को
उदयपुर:
राजस्थान में आगामी पंचायती राज चुनावों की तैयारियों के बीच आरक्षण लॉटरी की तारीखें घोषित कर दी गई हैं। ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग के अनुसार 23 सितंबर को जिला स्तर पर जिला परिषद सदस्य, प्रधान एवं पंचायत समिति सदस्यों के पदों के लिए आरक्षण की लॉटरी होगी। इसके अगले दिन 24 सितंबर को उपखंड स्तर पर सरपंच और वार्ड पंच के पदों के लिए आरक्षण की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। जिला परिषद के जिला प्रमुख पदों के लिए आरक्षण का निर्धारण 13 अगस्त को ही किया जा चुका है। शासन सचिव एवं आयुक्त डॉ. जोगा राम ने जिला कलेक्टरों और उपखंड अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही समय पर पूरी करने के निर्देश दिए हैं।

नगर निगम के 220 प्रत्याशियों को खर्च का हिसाब देना होगा
उदयपुर :
उदयपुर नगर निगम चुनाव में वार्ड 1 से 80 तक चुनाव लड़ने वाले सभी 220 प्रत्याशियों को निर्वाचन व्यय का विवरण प्रस्तुत करना होगा। रिटर्निंग ऑफिसर एवं उपखंड अधिकारी गिर्वा अबुल साई कृष्ण ने बताया कि नगर निगम की मतगणना 14 सितंबर को पूरी हो चुकी है। नियमानुसार परिणाम घोषित होने के 15 दिन के भीतर प्रत्याशियों को निर्धारित प्रारूप में निर्वाचन व्यय का पूरा विवरण जमा कराना होता है। सभी प्रत्याशियों को 28 सितंबर से पहले जिला कलेक्ट्रेट परिसर स्थित कमरा नंबर 325 में निर्धारित प्रारूप ‘क’ में विवरण जमा कराने के निर्देश दिए गए हैं।

वायुसेना भर्ती की विद्यार्थियों को दी जानकारी
उदयपुर :
भारतीय वायुसेना में करियर और भर्ती प्रक्रिया की जानकारी देने के लिए धूणीमाता डबोक एयरपोर्ट के पास तथा डबोक गांव के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। वायुसेना चयन केंद्र, जोधपुर के विशेषज्ञ जूनियर वारंट अफसर एएम मुथू एवं अंकित ने विद्यार्थियों को शैक्षणिक योग्यता, परीक्षा पैटर्न और चयन प्रक्रिया की जानकारी दी। अग्निवीरवायु एवं अधिकारी पदों पर भर्ती से संबंधित जानकारी भी साझा की गई। विद्यार्थियों को बताया गया कि अग्निवीरवायु भर्ती में अधिकतम आयु सीमा 21 से बढ़ाकर 22 वर्ष की गई है। एनसीसी ए, बी एवं सी प्रमाण पत्र पर अतिरिक्त अंकों की जानकारी भी दी गई। प्रश्नोत्तरी के विजेताओं को पुरस्कृत किया गया।

एमएलएसयू में ईएलसी 2.0 का ऑनलाइन ऑनबोर्डिंग
उदयपुर :
मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय के बाप्पारावल सभागार में इलेक्शन लिट्रेसी क्लब (ईएलसी) 2.0 के गठन एवं ऑनलाइन ऑनबोर्डिंग को लेकर कार्यक्रम हुआ। कुलगुरु प्रो. कैलाश डागा ने लोकतंत्र में युवाओं की सक्रिय सहभागिता पर जोर दिया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय और संबद्ध महाविद्यालयों के करीब 70 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। स्वीप के तहत ईएलसी 2.0 के ऑनलाइन पंजीकरण, गठन और संचालन की प्रक्रिया समझाई गई। जिला निर्वाचन विभाग के पुनीत शर्मा और डॉ. देवीलाल गर्ग ने निर्वाचन आयोग के विभिन्न डिजिटल प्लेटफॉर्म और एप्लीकेशन की जानकारी दी। डॉ. अक्षय राज ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से ऑनलाइन ऑनबोर्डिंग की चरणबद्ध प्रक्रिया बताई। समापन पर सभी प्रतिभागियों ने मतदाता जागरूकता एवं मतदान की शपथ ली।

3 अक्टूबर को होगा ‘जिद्दी दिल शो’ अवॉर्ड समारोह
उदयपुर :
मेहनत, संघर्ष और दृढ़ संकल्प के साथ विभिन्न क्षेत्रों में पहचान बनाने वाले रियल अचीवर्स को सम्मानित करने के लिए बीसीआई की ओर से ‘जिद्दी दिल शो’ अवॉर्ड समारोह 3 अक्टूबर 2026 को शाम 7 बजे स्टर्लिंग अरावली उदयपुर में होगा। कार्यक्रम में बिजनेस, हेल्थकेयर, आर्ट्स और सोशल इम्पैक्ट सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वालों को सम्मानित किया जाएगा। ‘जिद्दी दिल’ की फाउंडर हीना पथिक ने बताया कि आयोजन का उद्देश्य विपरीत परिस्थितियों के बावजूद आगे बढ़ने वाले लोगों की उपलब्धियों और संघर्ष की कहानियों को मंच देना है। बीसीआई फाउंडर एवं चेयरमैन मुकेश माधवानी ने कहा कि संस्था बिजनेस नेटवर्किंग के साथ सामाजिक जागरूकता और समाजोपयोगी पहलों को भी बढ़ावा देती है।

निर्माण जीवन संवारता, अहंकार लंका को राख कर देता है
उदयपुर:
नारायण सेवा संस्थान के अध्यक्ष प्रशांत अग्रवाल के सानिध्य में चल रही ‘अपनों से अपनी बात’ कथा का विश्वकर्मा जयंती पर समापन हुआ। उन्होंने कहा कि हर निर्माण के पीछे कारीगर के श्रम, कौशल और समर्पण की भूमिका होती है, इसलिए निर्माण करने वाले हाथों का सम्मान करना चाहिए। सूर्यदेव के तेज और विश्वकर्मा के प्रसंग से उन्होंने शक्ति के उचित उपयोग का संदेश दिया। स्वर्ण लंका का प्रसंग सुनाते हुए कहा कि निर्माण श्रेष्ठ है, लेकिन निर्मित वस्तु के मोह में बंधना विनाश का कारण बन सकता है। मयसभा के प्रसंग से उन्होंने किसी के गिरने पर हंसने के बजाय हाथ बढ़ाने की सीख दी। उन्होंने कहा कि विश्वकर्मा जयंती श्रम और हुनर के सम्मान का अवसर है।

महिलाओं की पहल: ‘स्वयंसिद्धा-अहिल्या उद्यम एक्सपो 1.0’ 25 से 27 सितंबर तक, 104 स्टॉल लगेंगी
जनजातीय वर्ग की महिला उद्यमियों के लिए निःशुल्क स्टॉल, पारंपरिक परिधान से स्टार्टअप और हस्तशिल्प तक दिखेगी विविधता
उदयपुर, 17 सितम्बर:
महिला उद्यमिता को प्रोत्साहन देने और स्थानीय महिला उद्यमियों को व्यापक बाजार से जोड़ने के उद्देश्य से लघु उद्योग भारती, अहिल्याबाई होल्कर इकाई, उदयपुर की ओर से ‘स्वयंसिद्धा: अहिल्या उद्यम एक्सपो 1.0’ का आयोजन 25 से 27 सितंबर तक शुभ केसर गार्डन में किया जाएगा। ‘नारी शक्ति से आत्मनिर्भर भारत की ओर’ की संकल्पना पर आधारित यह आयोजन महिला उद्यमियों के लिए बाजार से जुड़ने का मंच बनेगा।
प्रांतीय प्रभारी रीना राठौड़ के मार्गदर्शन और इकाई अध्यक्ष डॉ. ऋषिका पानेरी के नेतृत्व में होने वाले एक्सपो में 104 रियायती स्टॉल लगाई जाएंगी। जनजातीय वर्ग की महिला उद्यमियों के लिए निःशुल्क स्टॉल की व्यवस्था की गई है। इससे उन्हें अपने उत्पादों को ग्राहकों तक पहुंचाने का अवसर मिलेगा।
आयोजन की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। डॉ. तनु मंगलानी, हीना लोढ़ा, वंदना जैन, प्रेक्षा पोरवाल, वत्सना परोदा, कुसुम सिरोया और निधि सिरोया की समिति तैयारियों में जुटी है। एक्सपो में पारंपरिक परिधान एवं वस्त्र, हथकरघा, हस्तशिल्प, कलाकृतियां, व्यंजन, नवाचार आधारित स्टार्टअप और लाइव क्राफ्ट डेमो आकर्षण का केंद्र रहेंगे।

प्रदेश में 1.19 लाख लीटर वॉश नष्ट, अवैध शराब के मामले में 126 गिरफ्तार
विशेष निरोधात्मक अभियान में 361 अभियोग दर्ज, अंग्रेजी-देशी शराब के साथ हथकड़ मदिरा और वाहन भी जब्त
उदयपुर, 17 सितम्बर:
प्रदेश में अवैध मदिरा निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ आबकारी विभाग का विशेष निरोधात्मक अभियान जारी है। आबकारी आयुक्त नमित मेहता के निर्देश पर 14 से 30 सितंबर तक चलाए जा रहे अभियान के तहत 16 सितंबर तक 361 अभियोग दर्ज किए गए। कार्रवाई के दौरान 1 लाख 19 हजार 90 लीटर वॉश नष्ट की गई, जबकि 126 लोगों को गिरफ्तार किया गया।
अभियान के तहत 2 लाख 60 हजार 841 रुपए कीमत की 967 लीटर देशी मदिरा, 66 लाख 55 हजार 180 रुपए की 6655 लीटर भारत निर्मित विदेशी मदिरा और 68 हजार 960 रुपए की 319 लीटर बीयर जब्त की गई। इसके अलावा 2396 लीटर हथकड़ शराब और 350 लीटर स्प्रिट भी बरामद की गई। कार्रवाई में एक बड़ा वाहन और 15 दुपहिया सहित 16 वाहन जब्त किए गए।
भीलवाड़ा के आसींद-बनेड़ा फोर्ट के दुर्गम क्षेत्र में 4800 लीटर वॉश और एक भट्टी नष्ट कर 35 लीटर हथकड़ शराब बरामद की गई। शाहपुरा में 1000 लीटर वॉश नष्ट की गई। अजमेर ग्रामीण में 1000 लीटर वॉश और चार भट्टियां नष्ट की गईं। रायसिंहनगर में 1200 लीटर वॉश और तीन भट्टियां नष्ट कर 10 लीटर हथकड़ शराब जब्त की गई।
नागौर के मेड़ता में 150 लीटर वॉश नष्ट कर 74 लीटर हथकड़ शराब तथा परबतसर में 300 लीटर वॉश नष्ट कर 15 लीटर हथकड़ शराब जब्त की गई। विभाग के अनुसार प्रदेशभर में नाकाबंदी, दबिश और सघन गश्त जारी है।