उदयपुर की सड़कों पर दिखी ‘नारी शक्ति’, 800 महिलाओं ने सुरक्षा का लिया संकल्प

Share

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने दिखाई हरी झंडी, 300 दोपहिया वाहनों के काफिले ने दिया महिला सुरक्षा और जागरूकता का संदेश
उदयपुर, 2 अगस्त:
महिला सुरक्षा को जनभागीदारी से जोड़ने की दिशा में रविवार को उदयपुर ने एक अनूठी मिसाल पेश की। ‘महिला सुरक्षा संकल्प अभियान’ के तहत आयोजित ‘नारी शक्ति रैली’ में करीब 800 महिलाओं, छात्राओं और बालिकाओं ने एकजुट होकर महिला सुरक्षा, आत्मनिर्भरता और जागरूकता का संदेश दिया। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने आरसीए परिसर से रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
करीब 300 दोपहिया वाहनों पर हेलमेट पहनकर निकली महिलाओं की रैली आरसीए परिसर से सूरजपोल, बापू बाजार और देहलीगेट होते हुए टाउन हॉल पहुंची। पूरे मार्ग में नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर प्रतिभागियों का स्वागत किया। रैली में उदयपुर पुलिस की 240 महिला पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी भी शामिल रहीं।
रैली का प्रमुख आकर्षण फूलों से सजे पिंक ऑटो, पुलिस बैंड, चेतक एवं अश्वारोही दल तथा महिला सशक्तिकरण पर आधारित झांकियां रहीं। पिंक ऑटो के माध्यम से महिला हेल्पलाइन-1090, गरिमा हेल्पलाइन, राजकॉप सिटीजन एप, साइबर सुरक्षा और बाल संरक्षण संबंधी जानकारी आमजन तक पहुंचाई गई। आईपीएस वंदना राणा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शालिनी सक्सेना और चेतना भाटी स्वयं पिंक ऑटो में सवार होकर अभियान का हिस्सा बनीं।
कालिका टीम, लेडी पेट्रोलिंग टीम, एनसीसी, स्काउट-गाइड, सुरक्षा सखियों, बीएड कॉलेजों की छात्राओं और विभिन्न सामाजिक संगठनों ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई। मंच से आत्मरक्षा के व्यावहारिक प्रदर्शन किए गए, जबकि विभिन्न शिक्षण संस्थानों ने गुड टच-बैड टच, साइबर अपराध से बचाव, महिला सशक्तिकरण और ऑपरेशन सिंदूर विषयों पर आकर्षक झांकियां प्रस्तुत कीं।
जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहान के निर्देशन में चल रहे अभियान के तहत जिलेभर के स्कूलों और कॉलेजों में छात्राओं को पॉक्सो एक्ट, POSH एक्ट, साइबर सुरक्षा और महिला अधिकारों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। समापन समारोह में पुलिस अधिकारियों ने महिलाओं से आपात स्थिति में राजकॉप सिटीजन एप और महिला हेल्पलाइन सेवाओं का अधिकतम उपयोग करने की अपील की।