उदयपुर में 14 जून को होगा भारतीय कुमावत क्षत्रिय महासभा का राष्ट्रीय अधिवेशन

Share

राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में संविधान संशोधन, संगठन विस्तार और नई व्यवस्थाओं पर होगी चर्चा

उदयपुर, 9 जून : भारतीय कुमावत क्षत्रिय महासभा (रजि.) की राष्ट्रीय मंत्रीमंडल एवं कार्यकारिणी की महत्वपूर्ण बैठक 14 जून को सुखेर स्थित 200 फीट बाईपास के ‘भवगीत सेवा सदन’ में आयोजित होगी। अधिवेशन की तैयारियों को लेकर राष्ट्रीय अध्यक्ष कार्यालय बाउजी पैलेस में आयोजित कार्यकारी आयोजन समिति की बैठक में राष्ट्रीय स्तर की बैठक उदयपुर में कराने का निर्णय लिया गया तथा कार्यक्रम के एजेंडे पर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक की अध्यक्षता राष्ट्रीय अध्यक्ष युधिष्ठिर कुमावत ने की। समन्वयक एडवोकेट भरत कुमावत ने बताया कि महासभा की 2022-25 कार्यकारिणी के कार्यकाल की समीक्षा करते हुए संगठन की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला गया। इस दौरान पहली बार व्यापक संविधान संशोधन, गुजरात को नए जोन के रूप में मान्यता, दक्षिण भारत क्षेत्र के पुनर्गठन तथा सदस्यता अभियान के विस्तार को प्रमुख उपलब्धि बताया गया।

राष्ट्रीय अध्यक्ष ने बताया कि संगठन को अधिक प्रभावी और समावेशी बनाने के लिए प्रत्येक स्तर की कार्यकारिणी में 33-33 महिला एवं युवा प्रतिनिधियों को शामिल करने का निर्णय लिया गया है। इससे संगठन को नई ऊर्जा और व्यापक भागीदारी मिलेगी।

राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी संदीप कुमावत घोड़ेला ने बताया कि बैठक में राजस्थान, महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश, गुजरात, दिल्ली और हरियाणा सहित विभिन्न राज्यों से राष्ट्रीय प्रतिनिधि, मनोनीत सदस्य और परामर्शदाता भाग लेंगे।

अधिवेशन की तैयारियों के लिए विभिन्न समितियों का गठन भी किया गया। कोष एवं वित्त समिति की जिम्मेदारी योगेश चौरमा और रवि टांक, भोजन समिति की जिम्मेदारी सरिता टांक, डूंगर सिंह बबेरीवालसुधीर पालड़िया, जबकि स्वागत, पंजीयन और यातायात समितियों के लिए अलग-अलग प्रभारियों को दायित्व सौंपे गए। बैठक में संगठन के विस्तार और समसामयिक विषयों पर भी चर्चा हुई।