राष्ट्रीय गुणवत्ता टीम ने किया अमरपुरा खालसा स्वास्थ्य केंद्र का वर्चुअल निरीक्षण

Share


उदयपुर, 31 अगस्त : राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन कार्यक्रम (NQAS) के तहत भींडर ब्लॉक के सीएचसी खेरोदा अंतर्गत आयुष्मान आरोग्य मंदिर उप स्वास्थ्य केंद्र अमरपुरा खालसा का सोमवार को राष्ट्रीय टीम ने वर्चुअल निरीक्षण किया। केंद्र को राज्य स्तर पर गुणवत्ता मानकों में प्रमाणित होने के बाद राष्ट्रीय स्तर के प्रमाणीकरण के लिए भारत सरकार को आवेदन किया गया था।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. महेंद्र सिंह राठौड़ ने बताया कि भारत सरकार की ओर से डॉ. अरशद आलम और डॉ. भाविका चौधरी ने वर्चुअल निरीक्षण किया। टीम ने निर्धारित चेकलिस्ट के अनुसार स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाओं और सेवाओं का बारीकी से जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई, बायोवेस्ट मैनेजमेंट, निशुल्क जांच, दवा वितरण, उपकरणों की उपलब्धता और मानव संसाधन सहित विभिन्न गुणवत्ता मानकों की समीक्षा की गई। सीएचसी खेरोदा के चिकित्सा प्रभारी डॉ. अनिल कुमार ने केंद्र पर उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी। सीएचओ भावना कुमारी मीणा और एएनएम केशर कुमारी मेघवाल ने आवश्यक रिकॉर्ड एवं व्यवस्थाएं प्रस्तुत कीं।
इस दौरान अतिरिक्त सीएमएचओ डॉ. रागिनी अग्रवाल, बीसीएमओ डॉ. नवीन कुमार, जिला क्वालिटी सेल के डॉ. पीयूष व्यास, सुनील शर्मा सहित स्वास्थ्य विभाग की टीम मौजूद रही।
राष्ट्रीय स्तर पर प्रमाणीकरण मिलने के बाद केंद्र को प्रमाण पत्र के साथ तीन वर्ष तक पारितोषिक राशि मिलेगी। राशि का उपयोग स्वास्थ्य केंद्र की सुविधाओं और सेवाओं को बेहतर बनाने में किया जाएगा।