मां से विवाद के बीच भतीजे ने चाची पर किया चाकू से हमला

Share

पेट में गंभीर चोट, जिला अस्पताल में भर्ती; आरोपी के खिलाफ केस दर्ज
बांसवाड़ा, 6 जुलाई :
बांसवाड़ा जिले में पारिवारिक विवाद के दौरान एक युवक ने अपनी चाची पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में महिला के पेट में गंभीर चोट आई और उसकी आंतें भी क्षतिग्रस्त हो गईं। गंभीर हालत में महिला का जिला अस्पताल में उपचार जारी है। पीड़िता सीमा नीनामा के बेटे राकेश ने बताया कि उसकी मां और ताई के बीच मामूली कहासुनी हो रही थी। इसी दौरान ताई का बेटा रितेश निनामा गुस्से में चाकू लेकर पहुंचा और बिना कुछ सोचे-समझे अपनी चाची के पेट में वार कर दिया। हमले के बाद महिला लहूलुहान होकर गिर पड़ी, जबकि आरोपी मौके से फरार हो गया। परिजन घायल महिला को तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे। भूंगड़ा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थानाधिकारी देवीलाल ने बताया कि घटना के पीछे पुरानी रंजिश सहित सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और आरोपी की तलाश जारी है।