100 विद्यालयों में स्टीम और प्रगति लैब, छात्र सीखेंगे रोबोटिक्स, AI और ड्रोन टेक्नोलॉजी
राजसमंद, 14 जुलाई: राजसमंद जिले के 100 सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों को अब आधुनिक तकनीकों की व्यावहारिक शिक्षा मिलेगी। नाथद्वारा में मंगलवार को सांसद महिमा कुमारी मेवाड़ और विधायक विश्वराज सिंह मेवाड़ ने प्रज्ञानम् टेक्नोफेस्ट-2026 के तहत प्रगति एवं स्टीम लैब का शुभारंभ किया।
इस पहल के अंतर्गत खमनोर और देलवाड़ा क्षेत्र के 40 स्कूलों में प्रगति लैब तथा जिले के 60 विद्यालयों में अत्याधुनिक स्टीम लैब स्थापित की गई हैं। इन प्रयोगशालाओं में कक्षा 6 से 8 के विद्यार्थी रोबोटिक्स, कोडिंग, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), ड्रोन टेक्नोलॉजी, वर्चुअल रियलिटी, 3डी प्रिंटिंग और विज्ञान-प्रौद्योगिकी आधारित प्रयोगात्मक शिक्षा प्राप्त करेंगे। आयोजकों के अनुसार यह राजस्थान में सरकारी विद्यालयों के लिए अपनी तरह की पहली पहल है, जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों में तकनीकी दक्षता, नवाचार, तार्किक सोच और समस्या समाधान की क्षमता विकसित करना है। कार्यक्रम में जिला कलेक्टर अरुण कुमार हसीजा, आईआईएम उदयपुर के संस्थापक निदेशक प्रो. जनत शाह, स्वरा पंड्या, प्रतीक अग्रवाल सहित शिक्षा एवं उद्योग जगत के कई विशेषज्ञ मौजूद रहे।