नई तकनीक से हृदय की अनियमित धड़कन का सटीक उपचार संभव

Share

आरएनटी मेडिकल कॉलेज में हृदय रोगियों के लिए नई इलेक्ट्रोफिजियोलॉजी लैब शुरू
उदयपुर, 20 जनवरी:
उदयपुर के रविन्द्र नाथ टैगोर (आरएनटी) मेडिकल कॉलेज और सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल के कार्डियोलॉजी विभाग में मंगलवार को अत्याधुनिक इलेक्ट्रोफिजियोलॉजी (ईपी) लैब का शुभारंभ किया गया। यह 3.5 करोड़ रुपए की लागत से स्थापित लैब सम्पूर्ण दक्षिणी राजस्थान में 3डी मैपिंग तकनीक वाली पहली यूनिट है।
आरएनटी मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. विपिन माथुर ने बताया कि इस लैब के माध्यम से हृदय की असामान्य, तेज या धीमी धड़कन वाले मरीजों का सटीक परीक्षण और प्रभावी उपचार संभव होगा। ईपी स्टडी तकनीक से हृदय की विद्युत प्रणाली की गहराई से जांच होती है और असामान्य धड़कनों का स्थान पहचान कर आरएफ एबलेशन तकनीक से स्थायी राहत दिलाई जाती है। 2डी और 3डी मैपिंग से हृदय की संरचना स्पष्ट दिखाई देती है, जिससे प्रक्रिया अधिक सटीक, सुरक्षित और कम समय में पूरी होती है।
दक्षिण राजस्थान के मरीजों के लिए बड़ी उपलब्धि
कार्डियोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. मुकेश कुमार शर्मा ने कहा कि इस तकनीक से ओपन सर्जरी की आवश्यकता नहीं होगी और मरीज शीघ्र सामान्य जीवन में लौट सकेंगे। ईपी लैब आरएनटी मेडिकल कॉलेज को राज्य में हृदय रोग उपचार का मजबूत केंद्र बनाएगी, जिससे आदिवासी बाहुल्य क्षेत्र के हजारों मरीजों को गुणवत्तापूर्ण और समय पर इलाज मिल सकेगा।
उद्घाटन समारोह में सह आचार्य डॉ. अर्चना गोखरू, डॉ. दीपक आमेटा, सहायक आचार्य डॉ रविराज, एसएसबी मेट्रन शारदा गरासिया, कैथलैब प्रभारी राजेश नायर, वरिष्ठ टीए लोहित दीक्षित, अनिल जीनगर, वरिष्ठ रेडियोग्राफर राजेन्द्र सिंह मीणा सहित कार्डियोलॉजी विभाग के चिकित्सक, तकनीकी स्टाफ एवं नर्सिंग स्टाफ उपस्थित रहे।