बाइक और मोबाइल मिलने से बढ़ी आशंका, 70 और 45 फीट गहरे कुओं में पानी निकालकर की गई तलाश
चित्तौड़गढ़, 29 जून: जिले की ग्राम पंचायत घोसुंडा के गाडरी खेड़ा गांव में सोमवार सुबह खेत पर गए एक किसान के रहस्यमय ढंग से लापता होने से हड़कंप मच गया। खेत के पास उसकी बाइक और मोबाइल मिलने के बाद परिजनों ने कुएं में गिरने की आशंका जताई। सूचना पर पुलिस और सिविल डिफेंस की टीम ने दो गहरे कुओं में घंटों तक तलाश अभियान चलाया, लेकिन देर शाम तक किसान का कोई सुराग नहीं मिल सका।
जानकारी के अनुसार गाडरी खेड़ा निवासी रतनलाल गाडरी सोमवार सुबह रोज की तरह खेत पर गए थे, लेकिन देर तक घर नहीं लौटे। परिजन खेत पहुंचे तो कुएं के पास उनकी बाइक और मोबाइल मिला, जबकि रतनलाल का कहीं पता नहीं चला। आशंका के आधार पर चंदेरिया थाना पुलिस ने सिविल डिफेंस की टीम को बुलाया।
टीम ने पहले 70 फीट और बाद में 45 फीट गहरे कुओं में पानी निकालकर सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन सफलता नहीं मिली। घंटों की मशक्कत के बाद रेस्क्यू अभियान फिलहाल रोक दिया गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है, जबकि परिजन अब भी रतनलाल के सुरक्षित मिलने की उम्मीद लगाए हुए हैं।