राजस्थान नर्सेज एसोसिएशन ने एमबी चिकित्सालय प्रशासन पर लापरवाही का लगाया आरोप, लिपिकीय समन्वय की कमी को बताया वजह
उदयपुर, 25 जुलाई: महाराणा भूपाल चिकित्सालय (एमबीजीएच) में कार्यरत वर्ष 2016 बैच के नर्सिंग ऑफिसर्स को नौ वर्ष की सेवा पूरी होने के 17 माह बाद भी एसीपी (एश्योर्ड करियर प्रोग्रेशन) का लाभ नहीं मिलने पर राजस्थान नर्सेज एसोसिएशन ने अस्पताल प्रशासन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र एसीपी लाभ और एरियर जारी नहीं किया गया तो सांकेतिक प्रदर्शन किया जाएगा।
राजस्थान नर्सेज एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष पवन कुमार दानाध्यक्ष और प्रदेश उपाध्यक्ष संतोष परमार ने बताया कि राज्य सरकार के नियमानुसार 9, 18 और 27 वर्ष की सेवा पूर्ण होने पर एसीपी लाभ स्वतः मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि सभी आवश्यक पत्रावलियां और एसीआर जमा होने के बावजूद एमबी चिकित्सालय में लिपिकों के स्थानांतरण और आपसी समन्वय की कमी के कारण फाइलें लंबित हैं।
संगठन का दावा है कि आरएनटी मेडिकल कॉलेज के अधीन कार्यरत नर्सिंग कर्मियों को एसीपी का लाभ पहले ही दिया जा चुका है, जबकि एमबी चिकित्सालय के कई नर्सिंग ऑफिसर्स अब भी वंचित हैं। संगठन ने प्रशासन से लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण कर एसीपी लाभ एवं एरियर जारी करने की मांग की है।