घायलों के परिजनों ने शराब के नशे में किया हंगामा, पुलिस ने जेल भेजा
उदयपुर, 15 सितंबर : ऋषभदेव थाना क्षेत्र के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में घायलों के परिजनों द्वारा नर्सिंगकर्मियों के साथ मारपीट और दुर्व्यवहार करने के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार रोहनवाड़ा निवासी पुष्पेंद्र डामोर वर्तमान में ऋषभदेव सीएचसी में नर्सिंग ऑफिसर के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने रिपोर्ट दी कि 9 सितंबर की शाम करीब 7:35 बजे कानुवाड़ा में बाइक दुर्घटना की सूचना मिलने पर घायलों को 108 एंबुलेंस से ऋषभदेव सीएचसी लाया गया था। घायलों का समय पर उपचार कर दिया गया।
रात करीब 9:05 बजे घायलों के परिजन शराब के नशे में अस्पताल पहुंचे और स्टाफ के साथ गाली-गलौज व अभद्रता करने लगे। चिकित्सा कर्मियों ने उन्हें समझाते हुए बताया कि घायलों का उपचार किया जा चुका है, लेकिन वे नहीं माने। आरोपियों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए नर्सिंगकर्मियों के साथ मारपीट शुरू कर दी, जिससे ड्यूटी स्टाफ को चोटें आईं।
मामले में पुलिस ने सूचना एवं तकनीकी सहयोग से कानुवाड़ा निवासी राकेश (32), आशीष (29), पीपली निवासी दिलीप (28) और कानुवाड़ा निवासी दिनेश (38) को गिरफ्तार किया। चारों को न्यायालय खैरवाड़ा में पेश करने पर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। कार्रवाई थाना प्रभारी हेमंत आहारी के नेतृत्व में गठित टीम ने की। मामले में अग्रिम अनुसंधान जारी है।