श्री सांवलियाजी मंदिर में 13 दिन में 10.79 करोड़ चढ़ावा

Share

पिछले साल से 54% अधिक, भंडार-भेंट व ऑनलाइन से बढ़ी आस्था की चमक
चित्तौड़गढ़, 20 मार्च:
मेवाड़ के प्रसिद्ध श्री सांवलियाजी मंदिर में होली के बाद 13 दिनों में खुले भंडार की गिनती पूरी हो गई है। मात्र दो राउंड में हुई गणना में भंडार, भेंट कक्ष और ऑनलाइन माध्यम से कुल 10 करोड़ 79 लाख 10 हजार 701 रुपए का चढ़ावा सामने आया है, जो पिछले वर्ष की तुलना में करीब 54 प्रतिशत अधिक है।
मंदिर मंडल अध्यक्ष हजारी दास वैष्णव और सीईओ प्रभा गौतम की मौजूदगी में चतुर्दशी पर भंडार खोला गया। भंडार से नकदी की गिनती दो चरणों में हुई—पहले चरण में 6.92 करोड़ और दूसरे में 1.49 लाख रुपए गिने गए। इस प्रकार केवल भंडार से ही 6.93 करोड़ रुपए से अधिक प्राप्त हुए।
श्रद्धालुओं ने भेंट कक्ष और ऑनलाइन माध्यम से भी खुलकर दान दिया। इन माध्यमों से 3 करोड़ 85 लाख 43 हजार 376 रुपए प्राप्त हुए, जिससे कुल चढ़ावा 10.79 करोड़ रुपए से अधिक पहुंच गया।
सोना-चांदी का भी मिला बड़ा दान
मंदिर प्रशासन के सदस्य पवन तिवारी के अनुसार इस बार 985 ग्राम से अधिक सोना और 32 किलो 913 ग्राम चांदी भी चढ़ाई गई है, जिसका अलग से रिकॉर्ड तैयार किया जा रहा है।
पिछले साल के मुकाबले बड़ा उछाल
वर्ष 2025 में इसी अवधि में कुल चढ़ावा करीब 5.91 करोड़ रुपए था, जबकि इस बार यह आंकड़ा 10.79 करोड़ पार कर गया। यह वृद्धि मंदिर के प्रति बढ़ती श्रद्धा और आस्था का बड़ा संकेत मानी जा रही है।