चित्तौड़गढ़, 14 मई: जिले के सूरजना गांव में जनवरी में पकड़ी गई अवैध एमडी ड्रग्स फैक्ट्री मामले में नारकोटिक्स विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फरार आरोपी जाफर हुसैन को मध्यप्रदेश के मंदसौर से गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया है कि जाफर फैक्ट्री में तैयार एमडी ड्रग्स खरीदकर मंदसौर के रास्ते गुजरात सहित अन्य राज्यों में सप्लाई करता था।
जिला अफीम अधिकारी आर.के. मीणा ने बताया कि 12 जनवरी को सूरजना गांव के सुनसान इलाके में चल रही अवैध ड्रग्स फैक्ट्री पर छापा मारकर भारी मात्रा में मादक पदार्थ और उपकरण जब्त किए गए थे। मौके से सोनू खान को गिरफ्तार किया गया था, जबकि बाद में मकान मालिक और फैक्ट्री संचालक ताराचंद कुमावत को भी पकड़ा गया।
पूछताछ में ताराचंद ने खुलासा किया कि तैयार एमडी ड्रग्स जाफर हुसैन को बेची जाती थी। विभाग को आशंका है कि यह नेटवर्क राजस्थान, मध्यप्रदेश, गुजरात और महाराष्ट्र तक फैला हुआ है। अब नारकोटिक्स विभाग आरोपी से पूछताछ कर पूरे तस्करी नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगा है।