उदयपुर संभाग के 178 बांधों में सिर्फ 44% पानी

Share

मानसून कमजोर, पूरे सप्ताह बारिश के आसार नहीं; बादल छाए, ठंडी हवा चली, फिर भी सूखा रहा मौसम
उदयपुर, 26 अगस्त:
उदयपुर संभाग में मानसून की बेरुखी अब जलाशयों पर भारी पड़ने लगी है। संभाग के 178 बांधों में कुल भराव क्षमता का महज 44 प्रतिशत पानी ही बचा है। बुधवार को उदयपुर में सुबह से बादल छाए रहे और ठंडी हवा चली, जिससे लोगों को बारिश की उम्मीद जगी, लेकिन मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल बारिश के आसार नहीं हैं। पिछले करीब दो सप्ताह से बादलों की आवाजाही के बावजूद उदयपुर में अच्छी बारिश नहीं हुई है।
संभाग के 178 बांधों की कुल भराव क्षमता 1850.69 एमक्यूएम है, जबकि वर्तमान में इनमें 823.43 एमक्यूएम पानी उपलब्ध है। कमजोर मानसून के कारण बांधों में पानी की आवक घट गई है। दूसरी ओर, उपलब्ध जल का उपयोग जारी रहने से जलस्तर भी धीरे-धीरे कम हो रहा है।
पूरे सप्ताह मौसम शुष्क रहने का अनुमान
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार उदयपुर में आगामी सप्ताह मौसम शुष्क रहने की संभावना है। इस दौरान तापमान में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है। मंगलवार को जिले में कहीं बारिश नहीं हुई। अधिकतम तापमान 30.8 और न्यूनतम 23.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सोमवार की तुलना में अधिकतम तापमान में 1.7 डिग्री की गिरावट रही।
प्रमुख जलाशयों में स्थिति
फतहसागर में 48, पिछोला में 67, उदयसागर में 89, जयसमंद में 53 और वल्लभनगर जलाशय में 67 प्रतिशत पानी है। इनमें उदयसागर की स्थिति सबसे बेहतर है, जबकि फतहसागर में आधे से भी कम क्षमता का पानी उपलब्ध है।