उदयपुर, 28 अप्रैल: उदयपुर शहर के एक हनुमान मंदिर में असामाजिक तत्वों द्वारा तोड़फोड़ किए जाने की घटना से लोगों में आक्रोश फैल गया है। विश्व हिंदू परिषद, उदयपुर महानगर ने इस मामले को गंभीर बताते हुए प्रशासन से दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। परिषद के अनुसार बीती रात 5 से 10 अज्ञात युवक मंदिर परिसर में घुसे और पथराव कर मूर्तियों को नुकसान पहुंचाया। घटना के दौरान क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया और स्थानीय श्रद्धालुओं ने विरोध जताया तो आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया, लेकिन अब तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने से लोगों में नाराजगी बनी हुई है। विहिप महानगर अध्यक्ष सुशील मुद्रड़ा, विभाग मंत्री आकाश सोनी, अशोक प्रजापत और अन्य पदाधिकारियों ने प्रशासन से मांग की है कि घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए। परिषद ने मंदिरों की सुरक्षा बढ़ाने और ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग भी की है। संगठन ने चेतावनी दी है कि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो जनआंदोलन किया जाएगा।