सप्त दिवसीय महाराणा प्रताप जयंती कार्यक्रमों के तहत हुए विविध आयोजन
उदयपुर, 13 जून: मेवाड़ क्षत्रिय महासभा एवं नगर निगम के संयुक्त तत्वावधान में महाराणा प्रताप जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित सप्त दिवसीय कार्यक्रमों की श्रृंखला में शनिवार को विभिन्न स्थलों पर श्रद्धा, शौर्य और संस्कृति से जुड़े आयोजन हुए। क्षत्रिय क्लब सवीना की ओर से वीरांगना हाड़ी रानी की अर्चना कर उन्हें नमन किया गया।
इसी क्रम में किशोरी श्याम सेवा ट्रस्ट के किशन सिंह लोदा और विश्व बंधु तिवारी के नेतृत्व में महाराणा उदय सिंह की महाआरती का आयोजन किया गया। वहीं हाथीपोल स्थित कालिका मंदिर के बाहर हिंदू महासेना टाइगर फोर्स के महंत श्याम बाबा एवं साध्वी राजराजेश्वरी देवी के नेतृत्व में श्रीराम व्यायामशाला, नीमच खेड़ा के युवाओं ने पारंपरिक व्यायाम एवं शौर्य प्रदर्शन प्रस्तुत कर मां काली को नमन किया।
कार्यक्रम में संयोजक प्रेम सिंह शक्तावत, महासभा अध्यक्ष डॉ. पृथ्वीराज सिंह चौहान, सप्त दिवसीय कार्यक्रम संयोजक कमलेंद्र सिंह पंवार, बलवीर सिंह राणावत, राम सिंह देवड़ा, शंभू सिंह देवड़ा, कुंदन सिंह भाटी एवं अजय सिंह पहल सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे। आयोजनों में मेवाड़ की वीर परंपरा और गौरवशाली इतिहास का स्मरण किया गया।