इंदिरा आईवीएफ ने आभा सर्जी सेंटर में हिस्सेदारी लेकर पूर्वी भारत में विस्तार किया
उदयपुर, 15 अप्रैल: इंदिरा आईवीएफ हॉस्पिटल लिमिटेड ने आभा सर्जी हेल्थकेयर प्राइवेट लिमिटेड में हिस्सेदारी हासिल कर प्रजनन स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। यह कंपनी ‘आभा सर्जी सेंटर’ के माध्यम से असिस्टेड रिप्रोडक्शन सेवाएं प्रदान करती है और मरीज-केंद्रित उपचार के लिए जानी जाती है।
कंपनी की निदेशक डॉ. बानी मित्रा के नेतृत्व में आभा सर्जी सेंटर ने पूर्वी भारत में प्रजनन एवं स्त्री रोग उपचार के क्षेत्र में मजबूत पहचान बनाई है। इस साझेदारी के जरिए दोनों संस्थान अपनी विशेषज्ञता, तकनीक और नेटवर्क को एकीकृत कर सेवाओं की गुणवत्ता और पहुंच को और बेहतर बनाने की दिशा में कार्य करेंगे।
घटती प्रजनन दर के बीच बढ़ती जरूरत
हालिया आंकड़ों के अनुसार पश्चिम बंगाल में कुल प्रजनन दर में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे संगठित और सुलभ फर्टिलिटी सेवाओं की आवश्यकता बढ़ गई है। इस परिदृश्य में यह साझेदारी समयानुकूल मानी जा रही है, जो क्षेत्र में बेहतर और समय पर उपचार उपलब्ध कराने में मदद करेगी।
तकनीक और नेटवर्क का होगा समावेश
इंदिरा आईवीएफ के सीईओ डॉ. क्षितिज मुर्डिया ने कहा कि यह भागीदारी प्रजनन उपचार की उपलब्धता बढ़ाने और क्लिनिकल गुणवत्ता को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम है। वहीं, आभा सर्जी सेंटर की प्रवर्तक सुरभि मित्रा ने इसे विस्तार और बेहतर सेवाएं देने का अवसर बताया।
इस रणनीतिक साझेदारी से पूर्वी भारत में प्रजनन स्वास्थ्य सेवाओं का दायरा बढ़ेगा और अधिक लोगों को विशेषज्ञ इलाज सुलभ हो सकेगा।